गैस बुकिंग के बाद निर्धारित समय में डोर-टू-डोर हो रही है डिलीवरी
पौड़ी। जिला पूर्ति अधिकारी ने कहा कि जनपद की गैस एजेंसियों में पर्याप्त मात्रा में गैस उपलब्ध है। बुकिंग के बाद उपभोक्ताओं को नियमित आपूर्ति की जा रही है। आमजन किसी भी भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें।
जिला पूर्ति अधिकारी ने अरुण कुमार बर्मा ने बताया कि जनपद में गैस आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सुचारू है। उपभोक्ताओं को उनकी आवश्यकता के अनुसार गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि गैस बुकिंग के लिए आनलाइन माध्यम जैसे कंपनी की वेबसाइट, मोबाइल ऐप, टोल फ्री नंबर या एसएमएस का उपयोग करें। बुकिंग के बाद उपभोक्ताओं को निर्धारित समयावधि में डोर -टू -डोर डिलीवरी सुनिश्चित की जा रही है। इसलिए उपभोक्ता अनावश्यक रूप से एजेंसियों पर भीड़ न लगाएं।
जिला पूर्ति अधिकारी ने खाद्य निरीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि वह अपने -अपने क्षेत्रों में गैस आपूर्ति की नियमित निगरानी करें। किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें। इसके अलावा इस संबंध में जारी सूचना का व्यापक प्रचार प्रसार भी करें ताकि आमजन तक सही जानकारी पहुंच सके।
एलपीजी आपूर्ति पर सख्त निगरानी, 78 प्रतिष्ठानों की जांच
उधर, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के आदेशानुसार जनपद में जिला प्रशासन और पूर्ति विभाग ने व्यापक औचक निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान गैस गोदामों, पेट्रोल पंपों व विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच की गई। अभियान के तहत जनपद में कुल 78 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया, जिनमें 10 गैस गोदाम व 68 व्यावसायिक प्रतिष्ठान शामिल रहे।
जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि कोटद्वार में 2 गैस गोदाम, दुगड्डा में 1, कोट -खोलाचौरी में 1 गैस गोदाम व 5 प्रतिष्ठान, चेलूसैंण में 5 प्रतिष्ठान, पाबौ में 1 गैस गोदाम व 20 प्रतिष्ठान, लैंसडाउन में 3, लक्ष्मणझूला में 8, नौगांवखाल में 1 गैस गोदाम व 8 प्रतिष्ठान, थलीसैंण में 1 गैस गोदाम तथा उफरैंखाल में 2 गैस गोदामों का निरीक्षण किया गया।
