भारतीय गोर्खाली समाज सेवा समिति कोटद्वार ने गोरखा सुधार सभा को सौंपा 1.21 लाख की धनराशि का चेक
कोटद्वार। भारतीय गोर्खाली समाज सेवा समिति कोटद्वार ने पड़ोसी राष्ट्र नेपाल के आपदा प्रभावित लोगों के पुनर्वास की मदद के लिए सहायता का हाथ बढ़ाया है। समिति के प्रतिनिधिमंडल ने भी देहरादून में गोरखा सुधार सभा को एक लाख इक्कीस हजार की धनराशि का चेक सौंपा है।

समिति के सचिव नारायण सिंह थापा ने बताया कि शुक्रवार को समिति के अध्यक्ष सुरेश गुरुंग के नेतृत्व में चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने गोरखा सुधार सभा देहरादून के अध्यक्ष पदम सिंह थापा को नेपाल के आपदा पीड़ितों के पुनर्वास की मदद के लिए यह एक लाख इक्कीस हजार रुपये की सहायता राशि का चैक सौंपा।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री धामी द्वारा अपने कैंप कार्यालय से नेपाल आपदा राहत सहायता दल के वाहन को हरी झंडी दिखाकर नेपाल रवाना किया गया। वाहन में गोरखा सुधार सभा देहरादून के अध्यक्ष पदम सिंह थापा, गोरखा कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष एवं गोरखा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष अभिषेक शाही के नेतृत्व में आठ सदस्यीय दल नेपाल के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर राहत एवं पुनर्वास कार्यों में सहयोग करेगा। दल का उद्देश्य आपदा पीड़ितों तक आवश्यक सहायता पहुंचाना है। यह दल स्कूली बच्चों के लिए पठन पाठन सामग्री, क्षतिग्रस्त स्कूल भवन निर्माण के अलावा आपदा प्रभावित क्षेत्र के एक गांव को गोद लेकर उनके पुनर्वास हेतु प्रभावित परिवारों की हरसंभव मदद करेगा। राहत कार्य हेतु दल के सदस्य नेपाल सरकार तथा वहां की स्वयंसेवी संस्थाओं से भी समन्वय करेंगे।
प्रतिनिधिमंडल में भारतीय गोर्खाली समाज सेवा समिति कोटद्वार के अध्यक्ष सुरेश गुरुंग, सचिव नारायण सिंह थापा, उपाध्यक्ष नारायण क्षेत्री और सदस्य कमल बहादुर ठाकुर उपस्थित रहे।
