कांग्रेसजनों ने वीर सैनिकों व वीरांगनाओं को किया सम्मानित
कोटद्वार। कारगिल विजय दिवस के पावन अवसर पर जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी व पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित कारगिल विजय दिवस सम्मान समारोह राष्ट्रभक्ति, शौर्य, सम्मान और सैनिकों के प्रति अटूट श्रद्धा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी बतौर उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों व वीरांगनाओं को पुष्पगुच्छ, शाल तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
नगर स्थित एक बारातघर में आयोजित विजय दिवस कार्यक्रम देशभक्ति के रंग में सराबोर रहा। इस दौरान देख भक्ति के उदघोष से पूरा सभागार गूंज उठा। कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह ने कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके अद्वितीय साहस और बलिदान को नमन किया।
पूर्व काबीना मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि कारगिल विजय केवल एक सैन्य जीत नहीं, बल्कि भारत की अदम्य वीरता, अद्वितीय साहस, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति का स्वर्णिम अध्याय है। उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं पर तैनात सैनिक अपने परिवारों से दूर रहकर राष्ट्र की सुरक्षा के लिए हर क्षण समर्पित रहते हैं। उनके त्याग और बलिदान के कारण ही देश का प्रत्येक नागरिक सुरक्षित और सम्मानपूर्वक जीवन जी रहा है। उन्होंने कहा कि शहीद राष्ट्र की आत्मा में सदैव जीवित रहते हैं। उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा, कर्तव्यनिष्ठा और देशभक्ति की प्रेरणा देता रहेगा।
कार्यक्रम में वीर नारियों राजेश्वरी देवी धर्मपत्नी स्व. हवलदार ध्यान सिंह, रश्मि नेगी धर्मपत्नी स्व. हरिदर्शन सिंह नेगी, मीनाक्षी देवी, बसंती देवी, सुमन रावत समेत पूर्व सैनिकों कैप्टन संजय सिंह रावत, सूबेदार हरेंद्र सिंह नेगी, हवलदार विशम्बर दत्त, हवलदार विजय राणा, हवलदार बचन सिंह रावत, हवलदार सुरेंद्र सिंह पटवाल, भारत सिंह भंडारी, धर्मपाल सिंह रावत, तीरथ सिंह, ताजेन्द्र सिंह असवाल, नायब सूबेदार दिनेश सिंह रावत व सूरमान सिंह नेगी का माल्यार्पण कर उन्हें पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
कार्यक्रम में मीना बछवाण अध्यक्ष महानगर कांग्रेस कमेटी, संजय मित्तल पूर्व अध्यक्ष महानगर कांग्रेस कमेटी, डा. चंद्रमोहन खर्कवाल पूर्व जिलाध्यक्ष तथा विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों समेत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन एवं नगरवासी उपस्थित थे।
