विधायक ऋतु खंडूड़ी ने सिम्भलचौड़ में आधार केंद्र का किया उद्घाटन
कोटद्वार। उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष और स्थानीय विधायक ऋतु खंडूड़ी भूषण ने कोटद्वार में यूआईडीएआई द्वारा संचालित नए आधार सेवा केंद्र का शुभारंभ किया। इस केंद्र के शुरू होने से कोटद्वार एवं आसपास के क्षेत्र के नागरिकों को आधार से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण सेवाएं अब अपने ही क्षेत्र में उपलब्ध हो सकेंगी। इस आधार केंद्र में पांच वर्ष से सत्तरह वर्ष के बच्चों के लिए अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध है।

शुक्रवार को विधानसभा अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक ऋतु खण्डूड़ी भूषण ने सिम्भलचौड़ में यूआईडीएआई द्वारा संचालित आधार सेवा केंद्र का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आधार सेवा केंद्र के शुरू होने से नागरिकों को आधार नामांकन, जनसांख्यिकीय एवं बायोमेट्रिक अपडेट सहित आवश्यक आधार सेवाओं के लिए देहरादून जाने की आवश्यकता नहीं होगी। यह केंद्र क्षेत्रवासियों को सुविधाजनक, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण आधार सेवाएं उनके नजदीक उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह आधार सेवा केंद्र सप्ताह के सातों दिन, निर्धारित अवकाश को छोड़कर, नागरिकों को आधार सेवाएं प्रदान करेगा। केंद्र में वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों के लिए सुगम एवं विशेष सुविधाओं की व्यवस्था की गई है, ताकि प्रत्येक नागरिक आसानी से आधार संबंधी सेवाओं का लाभ उठा सके।

इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूड़ी भूषण ने स्वयं अपने आधार कार्ड का बायोमेट्रिक अपडेट करवाया। इस दौरान उन्होंने अपनी फोटो, फिंगरप्रिंट एवं आंखों की आइरिस स्कैनिंग की प्रक्रिया पूरी करवाई। उन्होंने कहा कि आधार से संबंधित आवश्यक अपडेट समय पर करवाना प्रत्येक नागरिक के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने बच्चों के लिए बायोमेट्रिक अपडेट को अनिवार्य बताते हुए अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वह अपने बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट समय पर अवश्य करवाएं।

उन्होंने कहा कि समय पर आधार अपडेट होने से भविष्य में स्कूल, छात्रवृत्ति एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजी कार्यों में आधार संबंधी परेशानियों से बचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में पांच वर्ष से सत्ररह वर्ष की आयु के बच्चों के लिए अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट(एमबीयू) निःशुल्क है। उन्होंने अभिभावकों से इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कोटद्वार में आधार सेवा केंद्र का संचालन क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही आवश्यकता को पूरा करेगा। अब आधार से जुड़ी आवश्यक सेवाओं के लिए नागरिकों को देहरादून नहीं जाना पड़ेगा।
इस अवसर पर यूआईडीएआई के उप महानिदेशक अविनाश अग्रवाल, क्षेत्रीय कार्यालय, दिल्ली के निदेशक कुमार उज्ज्वल, प्रोजेक्ट मैनेजर मनु त्रिपाठी तथा असिस्टेंट मैनेजर नितीश सैनी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
