जयहरीखाल। भक्त दर्शन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जयहरीखाल में गंगा स्वच्छता पखवाड़ा के तहत एक विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थितजनों द्वारा इस आयोजन को गंगा स्वच्छता पखवाड़े की सार्थक पहल बताते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया गया।
आयोजित कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. डा. लवली रानी राजवंशी ने कहा कि गंगा केवल एक नदी ही नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक चेतना की अक्षुण धारा है। गंगा स्वच्छता पखवाड़ा केवल नदी की सफाई का अभियान नहीं, यह हमारे शरीर, मन और पर्यावरण की सामूहिक स्वच्छता का संकल्प है।
उन्होंने बताया कि योग इसी संकल्प को साकार करने का माध्यम है। योग हमें आंतरिक शुद्धि की ओर ले जाता है। उन्होंने कहा कि योग और गंगा संरक्षण दोनों ही जीवन को संतुलित और सात्विक बनाने के लिए आवश्यक हैं।
शिविर में बीएड विभाग के छात्र शुभम सिंह ने उपस्थितजनों को योगाभ्यास कराया। उन्होंने प्राणायाम, आसन और ध्यान की विभिन्न विधियों से अवगत कराते हुए बताया कि नियमित योग से शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहा जा सकता है।
कार्यक्रम का संचालन डा. डीएस चौहान ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।
