कोटद्वार। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट ने क्षेत्र में लावारिश भटकती एक नाबालिग बालिका को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द किया है। नाबालिग बालिका परिजनों की डांट से नाराज होकर घर से निकल गई थी।
पुलिस ने बताया कि विगत चार जून को एक व्यक्ति द्वारा देर रात्रि लावारिश हालत में घूमती एक नाबालिग बालिका को बाजार पुलिस चौकी में तैनात पुलिसकर्मियों के सुपुर्द किया गया। पुलिस चौकी में बालिका ने खुद को भागूवाला जनपद बिजनौर (उत्तर प्रदेश) का बताते हुए कहा कि वह अपने भाई भाभी के साथ कोटद्वार में रहती है। पुलिस को वह अपने माता पिता व घर का सही पता नहीं बता पा रही थी।
पुलिस द्वारा तत्काल एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) एवं बाल कल्याण समिति (सीडब्लूसी) को जानकारी दी गई। एएचटीयू द्वारा नाबालिग बालिका को सिंबलचौड़ स्थित राजकीय बालिका एवं महिला पुनर्वास केंद्र में दाखिल कर उसके परिजनों की तलाश कर उन्हें एएचटीयू कार्यालय बुलाया गया।
नाबालिग बालिका की माता ने बताया कि घर में उसके भाई द्वारा डांटे जाने पर वह नाराज होकर चुपचाप घर से चली गई थी। हम इसकी संभावित स्थानों पर तलाश कर रहे थे। एएचटीयू द्वारा नाबालिग बालिका को सकुशल उसके माता पिता के सुपुर्द किया गया। परिजनों द्वारा बेटी के सकुशल मिलने पर स्थानीय एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट टीम का आभार व्यक्त किया गया।
