रक्षाबंधन आपसी प्रेम और मजबूत पारिवारिक मूल्यों का प्रतीक: विधानसभा अध्यक्ष
कोटद्वार। विधानसभा अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण ने अपने कैंप कार्यालय में क्षेत्रवासियों के साथ रक्षा बंधन का पर्व हर्षोल्लासपूर्वक मनाया। इस अवसर पर पहुंचे स्थानीय लोगों द्वारा उन्हें रक्षा सूत्र बांधकर शुभकामनाएं दी गयी। विधानसभा अध्यक्ष खंडूड़ी ने भी क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इस पावन पर्व को आपसी प्रेम, सौहार्द और मजबूत पारिवारिक मूल्यों का प्रतीक बताया।

बुधवार को माल गोदाम स्थित कैप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने सभी क्षेत्रवासियों को रक्षा बंधन के पावन पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पावन पर्व भाई बहन के बीच प्रेम, स्नेह, विश्वास और समर्पण का प्रतीक है। यह पर्व हमारी असमृद्ध भारतीय संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करने के साथ -साथ समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द की भावना को बढ़ावा देता है।

उन्होंने कहा कि रक्षा बंधन केवल भाई -बहन के रिश्ते तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक दूसरे के प्रति सम्मान, सहयोग और सुरक्षा की भावना को भी मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय जनता के साथ उनका आत्मीय और पारिवारिक रिश्ता है तथा क्षेत्रवासियों का स्नेह और आशीर्वाद सदैव उन्हें जनसेवा के लिए प्रेरित करता है।


कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों तथा भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा विधानसभा अध्यक्ष को रक्षा सूत्र बांधकर उनके सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की गयी। वहीं, विधानसभा अध्यक्ष ने भी उपस्थित लोगों को रक्षा बंधन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्नेह और अपनत्व के लिए आभार व्यक्त कर उनका मुंह मीठा कराया।
