कोटद्वार। राजकीय महाविद्यालय कण्वघाटी में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर मेरा भारत राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 “खेलो इंडिया संवाद” कार्यक्रम खेल की बात, पीएम पीएम के साथ कार्यक्रम का आयोजन एनएसएस इकाई द्वारा किया गया। आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी अमित बडोला एवं आर्चरी कोच हेमन्त राठी उपस्थित थे।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उद्बोधन के प्रसारण के साथ हुआ। जिसे महाविद्यालय के समस्त विद्यार्थियों, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों द्वारा सुना गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से खेलो इंडिया मशाल का अनावरण कर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया गया। प्रभारी प्राचार्य डा. बीएस रावत ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि खेल जीवन का आधार स्तंभ है, जो हमें स्वस्थ शरीर के साथ साथ अनुशासन और जीवन जीने की कला सिखाता है।

मुख्य अतिथियों द्वारा अपने संबोधन में विद्यार्थियों को जीवन में सफलता के तीन मूलमंत्रों, गुरुजनों का सम्मान, निरंतर लगन व अनुशासन अपनाने पर जोर देते हुए कोटद्वार में संचालित हो रहे खेलो इंडिया के दो केन्द्रों और खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी गयी। इस अवसर पर आयोजित प्रश्नोत्तरी सत्र में विद्यार्थियों द्वारा बढ़ चढ़कर प्रतिभाग किया गया। कार्यक्रम के अंत में वाणिज्य विभाग के सहायक प्राध्यापक दीप सिंह द्वारा समस्त अतिथियों एवं मेरा भारत पोर्टल के स्वयंसेवक शिवम नेगी व गौतम नेगी का आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम का संचालन डा. महेशानंद नौटियाल ने किया। इस अवसर पर खिलाड़ी हिमांशु सिंह, वैष्णवी पंथरी, अनुराधा भारद्वाज एवं मेरा भारत पोर्टल के स्वयंसेवक शिवम नेगी, गौतम नेगी, डा. हरिओम सागर, डा. दीपाली रतूड़ी, डा. ललित बिष्ट, डा. सोमेश सहित समस्त प्राध्यापक और शिक्षणेत्तर कर्मचारी गण उपस्थित रहे।
