करवाचौथ पर खरीदी थी आधा किलो मिठाई, जांच रिपोर्ट आने पर होगी कार्रवाई
पौड़ी। त्योहार की खुशियां मनाने के लिए खरीदी गई मिठाई में कीड़ा मिलने का मामला सामने आया है। शहर के बस स्टेशन स्थित एक प्रतिष्ठित मिठाई की दुकान से खरीदी गई मिक्स मिठाई की नारियल बर्फी में करीब एक इंच लंबा कीड़ा दिखाई देने का दावा किया गया है। शिकायत मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दुकान का निरीक्षण किया और मिठाइयों के सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता एवं वरिष्ठ पत्रकार जसपाल सिंह नेगी के अनुसार उन्होंने बीते बृहस्पतिवार को करवा चौथ त्योहार पर बस स्टेशन स्थित एक होटल से आधा किलो मिक्स मिठाई खरीदी थी। घर पहुंचकर मिठाई का डिब्बा खोलने पर नारियल बर्फी में करीब एक इंच लंबा कीड़ा दिखाई दिया। इस पर उन्होंने दुकानदार से शिकायत की, लेकिन दुकानदार ने आरोप को खारिज कर दिया।
इसके बाद जसपाल सिंह नेगी द्वारा खाद्य सुरक्षा विभाग में मामले की शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत का संज्ञान लेते हुए विभागीय टीम दुकान पहुंची जहां उनके द्वारा दुकान का निरीक्षण कर वहां रखी हुयी मिठाइयों के सैंपल लिए गए।
उधर, सहायक खाद्य सुरक्षा अधिकारी रचना लाल ने बताया कि दुकान से लिए गए सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मिठाई की गुणवत्ता में कमी या किसी तरह की मिलावट की पुष्टि हो सकेगी। उन्होंने बताया कि प्रयोगशाला से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
