कोटद्वार। राजकीय महाविद्यालय कण्वघाटी में केंद्रीय सतर्कता आयोग के निर्देश पर आयोजित सतर्कता जागरूकता सप्ताह का समापन हो गया। इस वर्ष सप्ताह की थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ रही। सप्ताहभर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों और ग्रामीणों को भ्रष्टाचार के प्रति जागरूक किया गया।

महाविद्यालय परिसर में प्राध्यापकों और विद्यार्थियों को सत्यनिष्ठा की प्रतिज्ञा दिलाई गई। सभी ने जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में ईमानदारी और पारदर्शिता बनाए रखने, कानून का पालन करने तथा न रिश्वत लेने और न देने का संकल्प लिया। इसके साथ ही ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर भ्रष्टाचार मुक्त भारत के निर्माण पर अपने विचार रखे।

महाविद्यालय की टीम ने स्थानीय विद्यालयों में जागरूकता अभियान चलाकर बच्चों को ईमानदारी, नैतिक मूल्यों और भ्रष्टाचार के दुष्परिणामों की जानकारी दी तथा बच्चों को छोटी उम्र से ही सत्यनिष्ठ जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। ग्रामीण महिलाओं को सत्यनिष्ठा प्रतिज्ञा पत्र पर हस्ताक्षर कराए गए और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया। अभियान के प्रति महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डा. वीके सैनी ने ग्रामीणों और विद्यार्थियों को सरकार की ओर से जारी टोल -फ्री नंबरों, सीवीसी पोर्टल और अन्य शिकायत निवारण माध्यमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन माध्यमों के जरिए भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
समापन अवसर पर सभी ने ईमानदार भारत और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डा. हरिश्चंद्र के मार्गदर्शन में आयोजित किए गए। इसमें डा. अशोक कुमार मित्तल, डा. दीप सिंह, डा. कविता अहलावत, डा. हरिओम शरण बहुगुणा और योग प्रशिक्षक आकांक्षा का सहयोग रहा।
