राज्य स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण होने पर ‘उत्तराखण्ड की दशा और दिशा’ विषय पर हुई वाद-विवाद प्रतियोगिता, 11 टीमों ने किया प्रतिभाग
लखनऊ। उत्तराखण्ड महापरिषद की ओर से आयोजित 14 दिवसीय उत्तराखण्ड महोत्सव का सोमवार को पं. गोविन्द बल्लभ पंत पर्वतीय सांस्कृतिक उपवन, बीरबल साहनी मार्ग गोमती तट पर विधिवत पूजा अर्चना के साथ शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर महापरिषद के पदाधिकारी, सदस्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। महोत्सव के शुभारंभ के साथ ही उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में राज्य की दशा और दिशा में आए बदलावों पर केंद्रित वाद विवाद प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें 11 टीमों ने पक्ष एवं विपक्ष में अपने विचार प्रस्तुत किए।
महोत्सव स्थल पर अपराह्न एक बजे विधि-विधान से पूजा अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसके बाद शाम चार बजे उत्तराखण्ड राज्य के 26 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर ‘उत्तराखण्ड राज्य की दशा और दिशा में बदलाव’ विषय पर वाद विवाद प्रतियोगिता आयोजित हुई। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने राज्य के विकास, उपलब्धियों और भविष्य की संभावनाओं को लेकर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से रखे।

प्रतियोगिता के पक्ष वर्ग में महेन्द्र सिंह गैलाकोटी ने प्रथम, फकीरा सिंह चौहान ने द्वितीय, कैलाश सिंह ने तृतीय तथा केएस चुफाल ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। वहीं विपक्ष वर्ग में कर्णिका तिवारी प्रथम, धन सिंह मेहता द्वितीय, प्रियंका बिष्ट तृतीय तथा भूमिका चौहान चतुर्थ स्थान पर रहीं।
उत्तराखण्ड महापरिषद के संयोजक दीवान सिंह अधिकारी एवं अध्यक्ष हरीश चन्द्र पंत ने विजेताओं को प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भागीदारी के लिए आभार व्यक्त किया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डा. चन्द्र मोहन नौटियाल, संजय काला एवं ललित सिंह पोखरियाल शामिल रहे। महापरिषद के पदाधिकारियों ने निर्णायक मंडल के सदस्यों को पुष्पगुच्छ एवं शाल भेंटकर सम्मानित किया।
महापरिषद के मीडिया प्रभारी राजेन्द्र सिंह कनवाल ने बताया कि महोत्सव के अगले दिन मंगलवार को दोपहर दो बजे से लाइव खान पान प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें मातृशक्ति द्वारा उत्तराखण्ड के पारंपरिक एवं स्वादिष्ट व्यंजन महोत्सव स्थल पर ही तैयार किए जाएंगे। वहीं, शाम छह बजे से प्रख्यात रेडियो जाकी (आरजे) प्रतीक के नेतृत्व में उनकी टीम द्वारा भजन संध्या एवं रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। उन्होंने बताया कि 14 दिवसीय महोत्सव के दौरान उत्तराखण्ड की संस्कृति, परंपरा, खान पान और लोककलाओं की विविध झलकियां देखने को मिलेंगी।
