छोलिया, झोड़ा और छपेली नृत्य की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोहा
अग्निवीर भर्ती मार्गदर्शन शिविर बना आकर्षण का केंद्र
लखनऊ। उत्तराखंड महापरिषद द्वारा पंडित गोविंद बल्लभ पंत पर्वतीय सांस्कृतिक उपवन, बीरबल साहनी मार्ग पर आयोजित 14 दिवसीय उत्तराखंड महोत्सव में लोक संस्कृति के विविध रंग देखने को मिल रहे हैं। महोत्सव में कतारबद्ध सजे स्टाल, आकर्षक सजावट, भव्य मंच पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रतियोगिताएं दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। महोत्सव में छोलिया दल की प्रस्तुतियां भी समय -समय पर उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति की जीवंत झलक पेश कर रही हैं।

उत्तराखंड महापरिषद द्वारा आयोजित महोत्सव के चतुर्थ दिवस का शुभारंभ मुख्य अतिथि विजय विश्वास पंत (आईएएस), मंडलायुक्त, लखनऊ मंडल तथा जितेंद्र प्रताप सिंह (आईएएस), निदेशक, उत्तर प्रदेश मंडी परिषद लखनऊ ने किया। इस अवसर पर महापरिषद के संयोजक दीवान सिंह अधिकारी, अध्यक्ष हरीश चंद्र पंत, महासचिव भरत सिंह बिष्ट, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मंगल सिंह रावत सहित अन्य पदाधिकारियों ने अतिथियों के साथ परंपरागत रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथियों ने महापरिषद को आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि इस महोत्सव का उद्देश्य समाज में सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण करना, आपसी प्रेम और भाईचारे को बढ़ावा देना तथा सामूहिक रूप से खुशियां साझा करना है। उन्होंने लोक कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में महापरिषद की ओर से किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन लोक कलाकारों को मंच प्रदान करते हैं। वहीं, इनके माध्यम से कलाकार अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक धरोहरों का प्रचार -प्रसार करते हैं। इससे विशेष रूप से युवा पीढ़ी अपनी संस्कृति से जुड़ती है और हमारी समृद्ध विरासत अगली पीढ़ी तक पहुंचती है। इस दौरान मुख्य अतिथि विजय विश्वास पंत द्वारा घनानन्द पाण्डेय मेद्य को साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हेतु सुमित्रानन्द पंत स्मृति सम्मान – 2026 एवं दर्शन सिंह परिहार को संगीत के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हेतु गोपाल बाबू गोस्वामी स्मृति सम्मान 2026 प्रदान किया गया।
महोत्सव में उत्तराखंड महापरिषद के विशेष आग्रह पर भर्ती मुख्यालय की ओर से लगाए गए इस अग्निवीर मार्गदर्शक स्टाल पर युवाओं को अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। इसमें भर्ती की पात्रता, शैक्षिक योग्यता, आयु सीमा, शारीरिक मानक, चयन प्रक्रिया तथा आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है।

महापरिषद के मीडिया प्रभारी राजेंद्र सिंह कनवाल ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस बार भी केके अस्पताल द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया गया है। शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण के साथ शुगर और ब्लड प्रेशर की जांच कर जरूरतमंदों को दवाएं भी वितरित की जा रही हैं।
महापरिषद की महिला शाखा की अध्यक्ष पुष्पा वैष्णव एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनीता कनवाल की देखरेख में योग, ध्यान, स्वास्थ्य एवं कल्याण विषय पर परिचर्चा आयोजित की गई। इसमें दर्शकों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां देने के साथ योग के लाभों से भी अवगत कराया गया। संस्कृति विभाग देहरादून (उत्तराखंड) के सहयोग से पहुंचे उधांचल कला केंद्र, अल्मोड़ा के छोलिया दल ने विभिन्न पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन पर शानदार नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मनोरंजन किया। वहीं, उत्तर प्रदेश सरकार के सूचना विभाग के सहयोग से आए नृत्य दलों ने भी आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में अनन्या बिष्ट ने योग एवं जिम्नास्टिक का अद्भुत प्रदर्शन किया।

महोत्सव में आयोजित महिला झोड़ा प्रतियोगिता में पांच दलों ने भाग लिया। इनमें रेनू कांडपाल के नेतृत्व में कुर्मांचल नगर का दल, हरितिमा पंत के नेतृत्व में संगीत संस्कृति फाउंडेशन, सुशीला नेगी के नेतृत्व में वसुंधरापुरम का दल, राजेंद्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में रामलीला समिति तेलीबाग का दल तथा पुष्पा गैलाकोटी एवं पुष्पा वैष्णव के नेतृत्व में प्रस्तुत दल शामिल रहे। इन दलों ने पारंपरिक झोड़ा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों से देवभूमि की समृद्ध लोक संस्कृति और सामूहिक उल्लास को जीवंत कर दिया।

वायस आफ उत्तराखंड कार्यक्रम में गायकों की एकल गायन प्रस्तुतियों और सामूहिक छपेली नृत्य ने लोक संस्कृति, परंपरा और संगीत की अनुपम छटा बिखेरी। वहीं, नाचेगा भारत के कलाकारों ने अपने शानदार नृत्य प्रदर्शन और युवा प्रतिभाओं के हुनर से दर्शकों का मन मोह लिया।

ब्रह्म कमल सांस्कृतिक एवं सामाजिक समिति इंदिरानगर विस्तार के कलाकारों द्वारा डांस उत्तराखंड डांस के अंतर्गत शानदार प्रस्तुतियां दी गयीं। कार्यक्रम में तीनों दलों की सामूहिक छपेली प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण रहीं। पारंपरिक छपेली नृत्य के माध्यम से कलाकारों ने कुमाऊंनी लोक संस्कृति, प्रेम, उल्लास और लोक परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
