14 दिवसीय महोत्सव में लोक संस्कृति और परंपराओं की दिखी झलक
सीएम ने स्मारिका ‘उत्तराखंड दर्पण’ का किया विमोचन
लखनऊ। बीरबल साहनी मार्ग स्थित पंडित गोविंद बल्लभ पंत पर्वतीय सांस्कृतिक उपवन में आयोजित 14 दिवसीय उत्तराखंड महोत्सव का बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। इस मौके पर उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, कला और परंपराओं की आकर्षक झलक देखने को मिली। अल्मोड़ा के उधांचल कला केंद्र के छोलिया दल ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया। वहीं, पीएसी बैंड की प्रस्तुति ने भी माहौल को उत्साह से भर दिया।
उद्घाटन समारोह में विशिष्ट अतिथि सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर, विधायक ओपी श्रीवास्तव, मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी, प्रो. रीता बहुगुणा जोशी और उत्तराखंड महापरिषद के पदाधिकारी मौजूद रहे। महापरिषद की ओर से मुख्यमंत्री समेत सभी अतिथियों का माल्यार्पण, पुष्पगुच्छ और प्रतीक चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लखनऊ में रह रहे प्रवासी उत्तराखंडियों ने अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहते हुए लोक संस्कृति, परंपराओं, कला और भाषा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि प्रवासी उत्तराखंडियों का यह प्रयास उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता को भी समृद्ध कर रहा है। मुख्यमंत्री ने महोत्सव के आयोजन के लिए उत्तराखंड महापरिषद के पदाधिकारियों और आयोजकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से लोगों को विभिन्न प्रांतों की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं से परिचित होने का अवसर मिलता है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पद्मश्री प्रो. विजय प्रसाद डिमरी को विज्ञान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान और उत्तराखंड की स्वर कोकिला वीना तिवारी को लोक गायन के क्षेत्र में विशिष्ट कार्य के लिए उत्तराखंड गौरव सम्मान-2026 से सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने महापरिषद की वार्षिक स्मारिका ‘उत्तराखंड दर्पण’ का विमोचन भी किया। विकसित भारत-श्रेष्ठ भारत की अवधारणा पर आधारित इस विशेषांक में उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत और विविध पहलुओं को स्थान दिया गया है।

सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत पारंपरिक जागर गायन से हुई। इसके बाद कलाकारों ने छपेली और झोड़ा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। लोकगीतों और पारंपरिक धुनों पर दर्शक झूमते नजर आए। वहीं, सूचना विभाग उत्तर प्रदेश के सांस्कृतिक दलों की प्रस्तुतियों को भी दर्शकों की खूब सराहना मिली। पूरे आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने उत्तराखंड की लोक संस्कृति और परंपराओं का आनंद लिया।
