कोटद्वार। राजकीय महाविद्यालय कण्वघाटी की छात्रा कु. निशा केमनी ने राज्य स्तरीय निबंध लेखन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से महाविद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है।
डा. नागेंद्र सिंह मेमोरियल लाइब्रेरी रुड़की द्वारा आयोजित स्व. डा. आर्य भूषण गर्ग छठी राज्य स्तरीय निबंध लेखन प्रतियोगिता में बीएससी तृतीय वर्ष (पंचम सेमेस्टर) की छात्रा निशा केमनी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। यह प्रतियोगिता ‘शिक्षा और सामाजिक विकास में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की भूमिका : वरदान या अभिशाप?’ विषय पर आयोजित की गई थी। प्रतियोगिता में उत्तराखंड के विभिन्न महाविद्यालयों एवं उच्च शिक्षण संस्थानों के स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।
निशा ने अपने निबंध में विषय की गहन समझ, तार्किक दृष्टिकोण और प्रभावशाली लेखन शैली का परिचय देते हुए निर्णायक मंडल को प्रभावित किया। उनकी इस सफलता के लिए आयोजक संस्था की ओर से उन्हें पुरस्कृत एवं सम्मानित किया जाएगा।
छात्रा की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डा. हरीश चन्द्र ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि निशा की सफलता उनकी मेहनत, लगन और प्रतिभा का परिणाम है। यह उपलब्धि न केवल छात्रा के लिए, बल्कि पूरे महाविद्यालय परिवार के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि निशा भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगी।
इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने निशा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
