पेंशन संबंधी समस्याओं के शीघ्र समाधान के दिए निर्देश
उत्तरकाशी। पुलिस अधीक्षक द्वारा जनपद के सेवानिवृत्त पुलिस पेंशनभोगियों की समस्याओं को लेकर एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक ने सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनी और उन्हें हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
मंगलवार को आयोजित बैठक में पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने समस्त पेंशनभोगियों की कुशलक्षेम जानकर उनके स्वास्थ्य तथा पारिवारिक परिस्थितियों के बारे में विस्तार से जानकारी ली।
बैठक में पेंशनभोगी पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने पेंशन से संबंधित विभिन्न समस्याओं और प्रक्रियागत दिक्कतों को खुलकर रखा। पुलिस अधीक्षक ने इन सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी पेंशनभोगी को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
बैठक में यह बात प्रकाश में आई कि कुछ सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों के पेंशन कार्ड अभी तक तैयार नहीं हुए हैं। इस पर पुलिस अधीक्षक ने संबंधित शाखा को कड़े निर्देश देते हुए सभी लंबित पेंशन कार्डों को शीघ्र तैयार कर संबंधित पेंशनभोगियों को उपलब्ध कराने को कहा। जिससे उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।
पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने कहा कि सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों का विभाग के प्रति योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण और सराहनीय रहा है। इसलिए उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि विभाग अपने सभी पूर्व कर्मियों के हितों की रक्षा और सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहेगा।
