
अपात्र परिवार राशन कार्ड करें जमा, अन्यथा वसूली के साथ दर्ज होगा मुकदमा
सरकारी खाद्य योजना का लाभ पात्र परिवारों मिलेगा: जिलाधिकारी
उत्तरकाशी। प्रशासन ने जनपद में अपात्र राशन कार्डधारकों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए राशन कार्ड जमा करने की अंतिम तिथि आगामी 19 मार्च तक बढ़ाई है। जिलाधिकारी ने अपात्र राशनकार्ड धारकों द्वारा जमा किए गए राशन कार्डों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट किया कि आगामी 20 मार्च से पूरे जनपद में व्यापक सत्यापन अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान अपात्र व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सोमवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य द्वारा जिला आपूर्ति विभाग द्वारा प्राप्त आंकड़ों की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान जिला आपूर्ति कार्यालय में अपात्र राशनकार्ड धारकों द्वारा अब तक राज्य खाद्य योजना (एसएफवाई) के 63, प्राथमिक परिवार (पीएचएच) के 33 तथा अंत्योदय अन्न योजना (एएवाई) के 16 राशन कार्ड स्वेच्छा से जमा किए गए हैं। वहीं विभिन्न ब्लाक कार्यालयों में राज्य खाद्य योजना के 14, प्राथमिक परिवार के 27 तथा अंत्योदय अन्न योजना के 10 राशन कार्ड जमा किए गए हैं। जिलाधिकारी ने इन आंकड़ों को देखते हुए विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जमा किए गए राशन कार्डों के स्थान पर पात्र परिवारों का चयन निर्धारित मानदंडों के अनुसार प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। जिससे वास्तविक जरूरतमंद परिवारों को योजनाओं का लाभ मिल सके।
जिला पूर्ति अधिकारी आशीष कुमार ने बैठक में जानकारी देते हुए बताया कि प्राथमिक परिवार योजना के तहत उन परिवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। जिनका मुखिया दिव्यांग व्यक्ति या विधवा महिला हो और परिवार की कुल मासिक आय 15 हजार रुपये से कम हो। वहीं, अंत्योदय अन्न योजना के अंतर्गत ऐसे परिवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। जिनका मुखिया दिव्यांग व्यक्ति या विधवा महिला हो तथा जिनकी सभी स्रोतों से कुल मासिक आय चार हजार रुपये से कम हो। उन्होंने बताया कि आगामी सत्यापन अभियान के दौरान यदि कोई कार्डधारक अपात्र पाया जाता है तो उसका राशन कार्ड तत्काल निरस्त कर दिया जाएगा। इसके अलावा अपात्र होने की तिथि से अब तक प्राप्त राशन की बाजार मूल्य के अनुसार वसूली की जाएगी और संबंधित के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी।
जिलाधिकारी प्रशान्त आर्य ने जनपद के सभी अपात्र राशनकार्ड धारकों से अपील करते हुए कहा कि वह कार्रवाई से बचने के लिए अपने राशन कार्ड 19 मार्च तक स्वेच्छा से जमा कर दें। इसके बाद आगामी 20 मार्च से जनपद में गहन राशन कार्ड सत्यापन अभियान चलाया जाएगा। जिसके तहत पात्र और अपात्र कार्डधारकों की स्थिति का विस्तृत सत्यापन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य है कि सरकारी खाद्य योजनाओं का लाभ केवल पात्र और जरूरतमंद परिवारों तक ही पहुंचे।
