वाहनों से भारी मात्रा में गांजा बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
पुलिस ने बरामद गांजे की अनुमानित लागत 45 लाख रुपये आंकी

कोटद्वार। लैंसडौन पुलिस व सीआईयू की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान दो वाहनों से 89.81 किलो गांजा बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने कार सवार दोनों चालकों को सुसंगत धाराओं में गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 45 लाख रुपए आंकी गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक कोतवाल लैंसडौन रमेश तनवर व प्रभारी सीआईयू रणजीत तोमर के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा संयुक्त चेकिंग के दौरान स्विफ्ट डिजायर कार संख्या यूके07/एपी 3513 एवं आई 20 कार संख्या यूपी16 पीसी 0036 की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान स्विफ्ट डिजायर कार से 59.39 किलोग्राम तथा आई20 कार से 30.42 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस टीम द्वारा मौके से स्विफ्ट डिजायर के चालक यशवंत सिंह व आई20 के चालक लव कुमार को हिरासत में लिया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह दोनों महिपाल निवासी रतूपुरा ठाकुर जनपद मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) के कहने पर उक्त गांजा जगत निवासी ग्राम मंगरू जनपद पौड़ी गढ़वाल एवं रब्बू निवासी सराईखेत जनपद अल्मोड़ा से खरीदकर ला रहे थे।
लैंसडौन पुलिस ने पकड़े गए दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट व 111(2)(ii) (3)(4) बीएनएस (संगठित अपराध) के अंतर्गत अभियोग दर्ज कर तस्करी में प्रयुक्त दोनों वाहनों को सीज किया है। गिरफ्तार आरोपियों लव कुमार (36 वर्ष) पुत्र स्व. वीर सिंह निवासी छीना फार्म ढकिया गुलाबो रोड निकट छोटा गुरुद्वारा, काशीपुर, जनपद उधम सिंह नगर तथा यशवंत सिंह नेगी (27 वर्ष) पुत्र राय सिंह निवासी ग्राम सतोल, नंदा नगर जनपद चमोली, हाल पता काशीपुर जनपद उधम सिंह नगर को न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक वैद्यानिक कार्यवाही की जा रही है।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक लैंसडौन रमेश तनवार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक जयपाल सिंह चौहान, उप निरीक्षक रणजीत सिंह तोमर प्रभारी सीआईयू, मुख्य आरक्षी संदीप कुमार, मुख्य आरक्षी संजय राम संजयराम, मुख्य आरक्षी सतेन्द्र सिंह, आरक्षी सीआईयू गंभीर सिंह, आरक्षी पंकज शर्मा सीआईयू व आरक्षी सीआईयू हरीश शामिल थे।
