कोटद्वार। विकास खंड एकेश्वर क्षेत्र के एक जनप्रतिनिधि द्वारा अपनी बिटिया के जन्मदिन के अवसर पर फलदार पौधों का रोपण कर पर्यावरण से संरक्षण का संदेश दिया गया। उन्होंने क्षेत्रवासियों से शुभ अवसरों पर फलदार, छायादार तथा औषधीय पौधे लगाने की अपील करते हुए पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी निभाने की अपील की है।

मंगलवार को शिवरात्रि के शुभ अवसर पर पौड़ी मार्ग पर अनन्या रिजार्ट में आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन समलौण आंदोलन के सलाहकार एवं ग्रामीण पत्रकार जगमोहन डांगी ने किया। इस मौके पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष आरती नेगी और डीसीबी कोटद्वार के पूर्व निदेशक नरेंद्र सिंह नेगी द्वारा अपनी बिटिया कु. अनिध्या के जन्मदिवस के अवसर पर एक प्रेरणादायी पहल की गई। उन्होंने अपने रिसोर्ट में रुद्राक्ष और जामुन के समलौंण पौधों का रोपण कर बेटी के जन्मदिन को यादगार बनाया और समाज को पर्यावरण संरक्षण व संवर्धन का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष आरती नेगी ने पौड़ी जनपद के राठ क्षेत्र की प्रतिष्ठित सामाजिक संस्था ‘समलौंण’ के संस्थापक शिक्षक बीरेंद्र दत्त गोदियाल के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि विगत कई वर्षों से उनके द्वारा शुरू की गई यह पहल आज एक जनांदोलन का रूप ले चुकी है। वहीं, रोपे गए पौधों की देखरेख और संरक्षण की जिम्मेदारी उन्होंने तथा रिसोर्ट के कर्मचारियों ने ली है।
इस मौके पर जगमोहन डांगी ने कहा कि जीवन के प्रत्येक संस्कार में ‘समलौंण पौधारोपण’ एक भावनात्मक आंदोलन बन चुका है, जो अब हमारी परंपरा और रीति -रिवाज में ढलता जा रहा है। यह पर्यावरण के संवर्धन के लिए एक अनोखी पहल है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि वनों का संरक्षण कर हर शुभ अवसर पर समलौंण पौधारोपण अवश्य करें।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार अजय रावत, संजय डुकलान, रिसोर्ट के प्रबंधक गौरव असवाल सहित अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
