कोटद्वार। कोतवाली पुलिस व सीआईयू की टीम ने बीते दिनों हुई लाखों रुपये की चोरी का सनसनीखेज खुलासा करते हुए पीड़ित के बेटे को ही गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपने घूमने फिरने और ऑनलाइन गेमिंग के शौक को पूरा करने के लिए अपने ही घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए शत-प्रतिशत जेवरात बरामद किए हैं।
शहर कोतवाल प्रदीप नेगी ने बताया कि एक अगस्त को स्थानीय पदमपुर निवासी मनमोहन सिंह नेगी ने तहरीर देकर बताया कि वह रात्रि में अपने घर के निकट रिटायरमेंट पार्टी में गए थे। इस दौरान कोई अज्ञात व्यक्ति घर का ताला तोड़कर जेवरात व अन्य सामान चोरी कर ले गया। कोतवाली पुलिस द्वारा तहरीर के आधार पर धारा- 305 (ए) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू की गई।
कोतवाल प्रदीप नेगी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल, घटना के समय, परिजनों व आसपास के व्यक्तियों की गतिविधियों जानकारी ली गई। जांच के दौरान वादी के पुत्र अमन नेगी की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर उससे पूछताछ की गयी। एवं साक्ष्यों के आधार पर उसकी संलिप्तता की पुष्टि हुई। पूछताछ के दौरान अमित नेगी ने बताया कि वह एक लैब में कोर्स कर रहा है तथा उसे घूमने फिरने एवं आनलाइन गेम खेलने का शौक है। इसी दौरान उसने योजनाबद्ध तरीके से अपने ही घर में चोरी की घटना को अंजाम दिया था।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी के शत-प्रतिशत जेवरात बरामद कर इस मामले में धारा 331(3), 317(2) बीएनएस की बढोत्तरी की है। पुलिस द्वारा आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक वैद्यानिक कार्यवाही की जा रही है।
