कोटद्वार। शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी डाकघर का कर्मचारी है। पीड़िता की तहरीर पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया है।
कोतवाली पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक विगत तीन जुलाई को एक युवती ने तहरीर देकर बताया कि कोटद्वार पोस्ट आफिस में तैनात कर्मचारी आशीष यादव ने उसे शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण किया है। कोतवाली पुलिस द्वारा तहरीर के आधार पर धारा 69 एवं 351(2) बीएनएस के अंतर्गत नामजद अभियोग पंजीकृत किया गया।
मामले की जांच को गठित पुलिस टीम द्वारा बयान एवं अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर नामजद आरोपी आशीष यादव पुत्र विनोद कुमार निवासी भिवानी खेड़ा (हरियाणा) को कोटद्वार से गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
