जिलाधिकारी ने जारी किया आदेश, एडवाइजरी का पालन करने की अपील
पौड़ी। मौसम विभाग देहरादून ने जनपद पौड़ी में भारी वर्षा एवं गर्जना के साथ आकाशीय बिजली चमकने की संभावना को देखते हुए अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद जिला प्रशासन एलर्ट मोड पर आ गया है।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनी को देखते हुए जनपद में कक्षा एक से बारह तक संचालित सरकारी, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों समेत आंगनबाड़ी केंद्रों में सोमवार 31 अगस्त को एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि संभावित भारी वर्षा, आकाशीय बिजली चमकने तथा नदी, नालों और गदेरों में जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी तथा सभी संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
वहीं, जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा न करने, नदी नालों एवं गदेरों के समीप न जाने तथा प्रशासन एवं मौसम विभाग द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।
