लगभग दस हजार लोगों को मिलेगा रोजगार, इलाज के लिए नहीं जाना पड़ेगा बाहर
कोटद्वार। पूर्व काबीना मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी ने ऐलान करते हुए कहा कि यदि जनता ने उनको मौका दिया तो वह वादे के मुताबिक कोटद्वार में मेडिकल कालेज बना कर रहेंगे। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि का मतलब जनता के प्रतिनिधि के रूप में उसके अनुसार कार्य करना होता है।
पूर्व काबीना मंत्री नेगी ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के समय उनके कार्यकाल में मेडिकल कालेज के लिए भाबर क्षेत्रान्तर्गत लछमपुर में भूमि व पैसा आवंटित हो चुका है। उक्त भूमि पर नलकूप निर्माण के अलावा चारदीवारी भी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि अगर हमको मौका मिलेगा तो हम वादे के मुताबिक यहां सौ फीसदी गारंटी के साथ मेडिकल कालेज बनाएंगे। नेगी ने कहा कि मेडिकल कालेज तैयार होने से कोटद्वार तथा आसपास के क्षेत्रों की जनता को इलाज के लिए बाहर अन्य शहरों में नहीं जाना पड़ेगा। वहीं, लगभग दस हजार लोगों को रोजगार भी मिलेगा।
