एसआईआर प्रक्रिया को लेकर उठाए सवाल, निष्पक्ष जांच की मांग
कोटद्वार। जिला कांग्रेस कमेटी कोटद्वार के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दुगड्डा बाजार में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष विकास नेगी के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा केंद्र की भाजपा सरकार और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली के खिलाफ नारेबाजी की गई।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं को लेकर ऐसी परिस्थितियां सामने आई हैं, जिससे मतदाता सूची की पारदर्शिता और निष्पक्षता को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। कांग्रेस की ओर से देशभर में इसी मुद्दे को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे और कार्रवाई की मांग की जा रही है।

जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष विकास नेगी ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया को लेकर लगातार सामने आ रहे सवालों और कथित अनियमितताओं के बीच मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल पद से हटाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि एसआईआर प्रक्रिया में नियमों का उल्लंघन या किसी प्रकार की अनियमितता प्रमाणित होती है तो पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
नेगी ने कहा कि लोकतंत्र में मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता सर्वोपरि है। किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से प्रभावित न हो और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाती रहेगी।
प्रदर्शन में पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद डबराल, कांग्रेस नेता पीयूष कैंतुरा, जिला महासचिव विमल बिष्ट, कैप्टन दीपक बिष्ट, नगर अध्यक्ष नितेश ठाकुर, ब्लाक अध्यक्ष संजय तोमर समेत कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
