अध्यक्ष पद पर कुमकुम रावत, सचिव मो. अरमान और कोषाध्यक्ष अमिता निर्विरोध निर्वाचित, तीन अन्य पद रिक्त
कोटद्वार। भक्त दर्शन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जयहरीखाल में छात्रसंघ चुनाव इस बार बिना मतदान के ही संपन्न हो गया। अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष पद पर एक -एक नामांकन होने के कारण तीनों प्रत्याशियों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। प्राचार्य प्रो. डा. लवली रानी राजवंशी द्वारा सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
मंगलवार को महाविद्यालय परिसर में आयोजित एक सादे समारोह में प्राचार्य प्रो. डा. लवली रानी राजवंशी ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ ग्रहण के उपरांत शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छात्र संघ विद्यार्थियों की समस्याओं और आवश्यकताओं को उचित मंच तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने पदाधिकारियों से महाविद्यालय की शैक्षणिक गरिमा और अनुशासन को बनाए रखते हुए छात्र हित में कार्य करने का आह्वान किया।
वहीं, छात्र संघ प्रभारी डा. देवेंद्र चौहान ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नामांकन प्रक्रिया और नामांकन पत्रों की जांच पूरी की गई। जांच के बाद अध्यक्ष पद पर कुमकुम रावत, सचिव पद पर मो. अरमान तथा कोषाध्यक्ष पद पर अमिता का निर्विरोध निर्वाचन तय हुआ। वहीं, उपाध्यक्ष, सह सचिव और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद के लिए किसी भी विद्यार्थी द्वारा नामांकन नहीं किया गया। जिसके चलते यह तीनों पद रिक्त रह गए हैं।
उन्होंने बताया कि महाविद्यालय में वर्तमान में लगभग 250 मतदाता हैं। तीन प्रमुख पदों पर एक -एक नामांकन होने के कारण मतदान की आवश्यकता नहीं हुई और छात्र संघ चुनाव प्रक्रिया निर्विरोध निर्वाचन के माध्यम से पूरी की गई।
शपथ ग्रहण समारोह में डा. अजय रावत, डा. अर्चना नौटियाल, डा. कश्यप, डा. दीपक दुर्गापाल, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी राजीव रजवार तथा सतीश चंद्र पोखरियाल सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
