कोटद्वार। राजकीय महाविद्यालय कण्वघाटी कोटद्वार में छात्रसंघ चुनाव शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न हुआ। छात्र संघ चुनाव में प्रेरणा अध्यक्ष व उदय सचिव निर्वाचित हुए।
मंगलवार को हुए छात्र संघ चुनाव में अध्यक्ष पद पर कांटे की टक्कर देखने को मिली। जिसमें प्रेरणा पडेलिया ने कार्तिक जोशी को 18 मतों से पराजित कर अध्यक्ष पद पर विजयी प्राप्त की। इस प्रेरणा को 128 व कार्तिक को 110 मत प्राप्त हुए। जबकि 01 मत नोटा और 9 मत अवैध रहे।
उपाध्यक्ष पद पर ऋषभ सिंह रावत ने 145 मतों के साथ शानदार जीत दर्ज कर अर्नव (92 मत) को 53 मतों से पराजित किया। वहीं, सचिव पद पर उदय सिंह ने 139 मत प्राप्त कर प्रियांशु नेगी (98 मत) को 41 मतों से पराजित किया। जबकि छात्रा आरक्षित सह सचिव पद पर जिया, कोषाध्यक्ष अंजली कपरवान व विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पिया डबराल निर्विरोध विजयी घोषित हुयीं।
चुनाव परिणाम की घोषणा मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रो. डा. अशोक कुमार मित्तल द्वारा की गई। इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. डा. हरीश चंद्र द्वारा सभी निर्वाचित पदाधिकारी को शुभकामनाएं प्रेषित कर शपथ दिलाई गई। उन्होंने छात्र संघ चुनाव में शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन, विद्यार्थियों एवं महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों व कर्मचारियों का धन्यवाद अदा किया।
