कोटद्वार। कोतवाली लैंसडाउन पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में फरार चल रहे एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस मामले पुलिस सात अन्य आरोपियों को पहले ही सुसंगत धाराओं में गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक कोतवाली लैंसडाउन व सीआईयू टीम द्वारा क्षेत्र में चेकिंग के दौरान दो वाहनों से कुल 90 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया था। इस मामले में मुख्य तस्करों सहित सात आरोपियों लव कुमार, यशवंत सिंह नेगी, महिपाल सिंह, बिट्टू सैनी, राजेन्द्र सिंह, जगत सिंह एवं स्वरूप नौटियाल को पूर्व में गिरफ्तार कर उनके खिलाफ धारा- 8/20/29/60 एनडीपीएस एक्ट एवं धारा 111(2)(ii), 111(3), 111(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया था।
पुलिस जांच के दौरान इस मामले में एक अन्य आरोपी आत्मप्रकाश की संलिप्तता भी प्रकाश में आई थी। पुलिस टीम द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी हेतु लगातार प्रयास किए जा रहे थे। आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस टीम ने सोमवार को आरोपी आत्मप्रकाश (40 वर्ष) पुत्र सुरेश कुमार निवासी कांठ, जनपद मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) को मुरादाबाद से गिरफ्तार किया। पुलिस द्वारा आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक वैद्यानिक कार्यवाही की जा रही है।
आरोपी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक प्रवेश कुमार, मुख्य आरक्षी संतोष कुमार व मुख्य आरक्षी पंकज कुमार शर्मा शामिल थे।
