राजकीय महाविद्यालय कण्वघाटी में महापुरुषों को श्रद्धासुमन अर्पित, विद्यार्थियों से आदर्शों को जीवन में उतारने का आह्वान
कोटद्वार। राजकीय महाविद्यालय कण्वघाटी में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर उन्हें याद कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। कार्यक्रम में वक्ताओं ने दोनों महापुरुषों के आदर्शों को याद करते हुए विद्यार्थियों से सत्य, अहिंसा, सादगी और राष्ट्रसेवा के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
महाविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य प्रो. हरीश चंद्रा एवं महाविद्यालय परिवार ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया। इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. हरीश चंद्रा ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर देश के स्वतंत्रता आंदोलन को दिशा दी, जबकि लाल बहादुर शास्त्री ने ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा देकर देश की एकता और विकास का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि दोनों महापुरुषों के विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
कार्यक्रम में अन्य वक्ताओं ने भी महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन एवं विचारों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। इस दौरान महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, कर्मचारी और छात्र -छात्राएं मौजूद रहे।
