कोटद्वार। भक्त दर्शन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जयहरीखाल में निःशुल्क स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर जंतु विज्ञान विभाग एवं रेडक्रास इकाई के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ।
शुक्रवार को जंतु विभाग सभागार में आयोजित शिविर में रक्तचाप, रक्त शर्करा एवं अन्य सामान्य रक्त परीक्षणों की निःशुल्क जांच की गई। महाविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा अपने प्राध्यापकों के मार्गदर्शन में यह जांचें कुशलतापूर्वक की गई। रक्त परीक्षण समूह में डा. श्रद्धा भारती विभागाध्यक्ष प्राणी विज्ञान विभाग के साथ छात्रा कु. नेहा नेगी एवं कु. साक्षी भट्ट ने रक्त के नमूने लेकर जांच की। रक्त शर्करा परीक्षण में डा. शुऐब अजीम अंसारी सह समन्वयक रेडक्रास इकाई के साथ छात्रा कु. आयुषी एवं कु. कंचन द्वारा शुगर की जांच की गई।
वहीं, रक्तचाप परीक्षण में डा. मोहन कुकरेती के साथ कु. सिमरन एवं कु. निकिता ने बीपी की जांच की गई। इस अवसर पर सौ से अधिक विद्यार्थियों प्राध्यापकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों द्वारा शिविर में निःशुल्क जांचें करवायी गयी। शिविर की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर लवली रानी राजवंशी ने कहा कि युवाओं में बढ़ती जीवनशैली संबंधी बीमारियों के प्रति जागरूकता लाने के लिए इस प्रकार के आयोजन अत्यंत आवश्यक हैं। निःशुल्क स्वास्थ्य जांच से छात्र एवं कर्मचारी समय रहते अपने स्वास्थ्य का आंकलन कर सकते हैं। उनके द्वारा जंतु विज्ञान विभाग एवं रेडक्रास टीम के प्रयासों की सराहना की गयी।
इस अवसर पर डा. श्रद्धा भारती ने स्वास्थ्य जागरूकता पर विस्तृत व्याख्यान देते हुए नियमित जांच और संतुलित दिनचर्या पर बल दिया। डा. शुऐब अजीम अंसारी ने अपने विचार रखते हुए कहा कि स्वास्थ्य ही सबसे बड़ा धन है तथा इस तरह के शिविर इसे सुनिश्चित करने का सशक्त माध्यम हैं। डा. मोहन कुकरेती एवं डा. मानसी वत्स समन्वयक रेडक्रास इकाई ने भी शिविर की सफलता में अपना योगदान देकर विद्यार्थियों को स्वास्थ्य जागरूकता के लिए प्रेरित किया।
