शीघ्र प्रारंभ होगा सड़क निर्माण कार्य : ऋतु खंडूड़ी
देहरादून/कोटद्वार। उच्चतम न्यायालय द्वारा लालढांग -चिल्लरखाल मोटर मार्ग के निर्माण पर लगी रोक हटाए जाने के बाद राज्य सरकार इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर तीव्र गति से कार्य कर रही है। स्थानीय विधायक एवं विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण के सतत प्रयासों से वन विभाग ने इस मार्ग के निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्लूडी) को कार्यदायी संस्था नामित करने के आदेश जारी किए हैं।
विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक श्रीमती ऋतु खण्डूडी भूषण ने कहा कि लालढांग -चिल्लरखाल मोटर मार्ग क्षेत्र की जनता की वर्षों पुरानी और अत्यंत महत्वपूर्ण मांग रही है। इस परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए उन्होंने निरंतर प्रयास किए हैं तथा राज्य सरकार ने भी इसे सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।
उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने उच्चतम न्यायालय में इस परियोजना का पक्ष पूरी गंभीरता और प्रभावी ढंग से रखा, जिसके परिणामस्वरूप न्यायालय ने सड़क निर्माण पर लगी रोक हटाकर इस महत्वपूर्ण परियोजना का मार्ग प्रशस्त किया।
उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि सभी आवश्यक औपचारिकताएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण करते हुए कार्यदायी संस्था से सड़क निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस मार्ग के निर्माण से क्षेत्र की जनता को सुरक्षित, सुगम एवं त्वरित आवागमन की सुविधा मिलने के अलावा कोटद्वार क्षेत्र के समग्र विकास को भी नई दिशा प्राप्त होगी।

