बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत 36 लाख रुपए आंकी गई
कोटद्वार। पुलिस व सीआईयू की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान दो स्मैक तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 120 ग्राम स्मैक बरामद हुई है। पुलिस द्वारा बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत 36 लाख रुपए आंकी गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक कोतवाल प्रदीप नेगी के नेतृत्व में पुलिस व सीआईयू टीम द्वारा कौड़िया क्षेत्र में चैकिग अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान मजार के गेट के निकट संदिग्ध अवस्था में घूम रहे दो युवकों पर पुलिस को शक हुआ। पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर दोनों युवकों के कब्जे से 60 -60 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में युवकों ने अपना नाम सोहेल(21) पुत्र मांगा हसन निवासी पथरी जनपद हरिद्वार व साहिब (20) पुत्र कय्यूम निवासी धनपुरा जनपद हरिद्वार बताया। कोतवाल प्रदीप नेगी ने बताया कि बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत लगभग 36 लाख रुपए आंकी गई है।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार युवकों के विरुद्ध धारा- 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक वैद्यानिक कार्यवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रणजीत तोमर प्रभारी सीआईयू कोटद्वार, उपनिरीक्षक अभिनव शर्मा, मुख्य आरक्षी सुनील कुमार, आरक्षी कैलाश रावत व आरक्षी सितान्शु सीआईयू शामिल थे।
