जिलाधिकारी से की मुलाकात, पीड़ित परिवार को मदद की गुहार
पौड़ी। स्व.राधा देवी वेलफेयर ट्रस्ट ने जिला प्रशासन से जनपद की चौथान पट्टी के आपदा प्रभावित परिवार की जल्द मदद किए जाने की मांग की है। पीड़ित परिवार वर्तमान में बेहद आर्थिक संकट से जूझ रहा है।
सोमवार को ट्रस्ट के मीडिया प्रभारी जसपाल नेगी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को बताया कि बीते दिनों भारी बारिश से चौथान पट्टी स्थित ग्राम किमवाड़ी में संतोषी बिष्ट के घर की दीवार टूट गई थी। संतोषी बिष्ट के द्वारा स्वयं के खर्चे पर दीवार का निर्माण करवाया गया। बीते दिनों उनकी दो दुधारू भैंसे भी आपदा की भेंट चढ़ गई। वहीं, आठ माह पूर्व बीमारी के कारण उनके पिता रणजीत सिंह बिष्ट का निधन होने से उनके परिवार (मां, स्वयं व छोटी बहन) के समक्ष आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। लेकिन प्रशासन द्वारा अभी तक उनको कोई राहत नहीं दी गई है।
प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से संबंधित परिवार के हुए नुकसान का जल्द स्थलीय निरीक्षण करवाने, पीड़ित परिवार को नियमानुसार मुआवजा दिलवाने, भविष्य में परिवार की आजीविका के पुनर्स्थापना के लिए आवश्यक सहायता व सरकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर देने की मांग की।
वहीं, जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने बताया कि संबंधित क्षेत्र के उपजिलाधिकारी को पीड़ित परिवार की मदद हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए है। प्रतिनिधि मंडल में दीपक बर्त्वाल, करन नेगी आदि मौजूद थे।
