विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, आकर्षक माडल किए प्रस्तुत
कोटद्वार। भक्त दर्शन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जयहरीखाल में वाणिज्य संकाय की विभागीय परिषद के तत्वावधान में एक माडल प्रस्तुतीकरण प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संकाय के विद्यार्थियों द्वारा वाणिज्य और प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं पर अपने आकर्षक माडल प्रस्तुत किए गए।
शुक्रवार को।महाविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डा. वरुण कुमार प्रभारी वाणिज्य विभाग द्वारा विद्यार्थियों को इस तरह की प्रतियोगिताओं के महत्त्व से अवगत कराया गया। उन्होंने कहा कि माडल प्रस्तुतीकरण जैसी गतिविधियां न केवल सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक रूप देती हैं, बल्कि विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति क्षमता में भी वृद्धि करती हैं।
कार्यक्रम में प्राध्यापक वाणिज्य संकाय डा. वीके सैनी द्वारा विद्यार्थियों का मार्गदर्शन कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर कुछ नया सीखते रहने की प्रेरणा दी गई। वहीं, डा. सुहैब अजीम अंसारी ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए माडल्स की सराहना करते हुए नवाचार पर जोर दिया। इस अवसर पर अन्य विभागों के प्राध्यापकों ने भी उपस्थित विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया। डा. मोहम्मद शहजाद प्राध्यापक सायन विज्ञान विभाग और डा.वसीम अहमद प्राध्यापक भूगोल विभाग द्वारा भी विद्यार्थियों के रचनात्मक प्रयासों की प्रशंसा करते हुए उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में आदित्य भारती, कु. काजल, कु. साक्षी, कु. मानसी, कु.मनीषा, कु. स्मृति व कु. मीनाक्षी द्वारा आकर्षक माडल प्रस्तुत कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया गया। इन सभी चयनित विद्यार्थियों को अगले कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा।
