कोटद्वार। भक्त दर्शन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जयहरीखाल के भूगोल विभाग द्वारा विभागीय परिषद के अन्तर्गत विश्व पृथ्वी दिवस का उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को जलवायु परिवर्तन जैसी गंभीर चुनौतियों के प्रति संवेदनशील बनाना और उन्हें पर्यावरण अनुकूल प्रथाओं को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
बुधवार को महाविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ पृथ्वी दिवस पर आधारित वृत्तचित्र से हुआ। भूगोल विभाग की प्राध्यापक डा. अर्चना नौटियाल ने थीम हमारी शक्ति, हमारा ग्रह’ पर व्याख्यान देते हुए इसके इतिहास, महत्व एवं आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
प्राचार्य प्रो. डा. लवली रानी राजवंशी ने उपस्थित विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पृथ्वी हमारा एकमात्र घर है। पृथ्वी को सुरक्षित रखना केवल एक दिन का कर्तव्य नहीं बल्कि हमारी जीवनशैली का हिस्सा होना चाहिए। उन्होंने कहा ‘हमारी शक्ति, हमारा ग्रह’ थीम के माध्यम से हम अपनी ऊर्जा को ग्रह संरक्षण के लिए समर्पित करें ताकि भावी पीढ़ियों के लिए हरा भरा पर्यावरण सुनिश्चित हो।
कार्यक्रम में डा. वरुण कुमार (वाणिज्य विभाग) ने पर्यावरण स्वच्छता में व्यक्तिगत प्रयासों पर जोर दिया। जबकि डा. वसीम अहमद ने जल, जंगल, जमीन के संरक्षण पर बल दिया। वहीं, डा. मोहम्मद शहजाद ने उद्योग अवशिष्टों के दुष्प्रभाव बताए।
इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए पोस्टर एवं माडल प्रदर्शनी में छात्रों द्वारा स्वच्छ ऊर्जा, सतत विकास एवं पर्यावरण संरक्षण पर रचनाएं प्रस्तुत की गई।
कार्यक्रम में डा. नेहा शर्मा, डा. सुमन कुकरेती, डा. शिप्रा शर्मा, डा.अभिषेक कुकरेती, डा. दुर्गा रजक, डा.अजय रावत व डा. वन्दना ध्यानी आदि उपस्थित रहे।
