बिजनौर। जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय एथलेटिक्स मीट में सेंट पीटर्स स्कूल किरतपुर के विद्यार्थियों ने सब-जूनियर, जूनियर एवं सीनियर वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में कई पदक अपने नाम किए। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से विद्यालय में खुशी का माहौल है।
बिजनौर के नेहरू स्टेडियम में आयोजित खेल प्रतियोगिताओं के दौरान चक्का फेंक प्रतियोगिता में सेंट पीटर्स स्कूल किरतपुर के खिलाड़ी सिद्धार्थ और वैष्णवी ने प्रथम स्थान, आर्यन कुमार (कक्षा 12), पावनी और प्रतीक ने द्वितीय स्थान, जबकि प्रगति और विवेक ने तृतीय स्थान हासिल किया। गोला फेंक प्रतियोगिता में सिद्धार्थ और पावनी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि आर्यन कुमार (कक्षा 12), वैष्णवी और मयंक ने तृतीय स्थान हासिल किया। हैमर थ्रो प्रतियोगिता में मयंक ने तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। लंबी कूद प्रतियोगिता में निशांत चौधरी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, पैदल चाल प्रतियोगिता में आन्या ने प्रथम तथा आरव ने तृतीय स्थान हासिल कर शानदार प्रदर्शन किया।
विद्यालय के प्रबंधक फादर बीजू एवं प्रधानाचार्य सिस्टर निकिता सहित सिस्टर सायूजिया, प्रोविंशियल काउंसलर आफ आमला प्रोविंस भोपाल द्वारा सभी विजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों के उज्जल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
