कोटद्वार। राजकीय महाविद्यालय कण्वघाटी में जनगणना के अंतर्गत स्व -गणना के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं इसकी प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से महाविद्यालय के समस्त शिक्षकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के लिए एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य जनगणना के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने के साथ ही स्व-गणना की प्रक्रिया को सरल, सुलभ एवं प्रभावी रूप में सभी तक पहुंचाना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तराखंड की जनगणना प्रमुख इवा आशीष श्रीवास्तव के वीडियो संदेश के प्रसारण से हुआ। इसके पश्चात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वीडियो संदेश भी प्रदर्शित किया गया। इन संदेशों के माध्यम से जनगणना की राष्ट्रीय महत्ता तथा इसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता के महत्व को रेखांकित किया गया।
कार्यशाला में जनगणना के फील्ड ट्रेनर सुनील सिंह पंवार ने पावर प्वाइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से स्व-गणना की संपूर्ण प्रक्रिया को विस्तारपूर्वक समझाया। उन्होंने स्व-गणना की विभिन्न चरणबद्ध प्रक्रियाओं, आवश्यक जानकारियों तथा आनलाइन माध्यम से स्वयं अपनी गणना संबंधी विवरण दर्ज करने की प्रक्रिया पर प्रकाश डाला। उनके प्रस्तुतीकरण ने उपस्थित प्रतिभागियों को स्व-गणना की व्यावहारिक जानकारी प्रदान की।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. हरीश चंद्र ने अपने संबोधन में स्व-गणना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या की गणना तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश की विकास योजनाओं, नीतियों एवं संसाधनों के उचित नियोजन का एक महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कहा कि सटीक एवं विश्वसनीय जनगणना के माध्यम से ही राष्ट्र की वास्तविक आवश्यकताओं का आकलन कर विकास की दिशा निर्धारित की जा सकती है। उन्होंने स्व -गणना को राष्ट्र निर्माण एवं विकसित भारत के संकल्प की दिशा में नागरिकों की महत्वपूर्ण सहभागिता बताया तथा सभी से इस प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन जनगणना कार्य के नोडल अधिकारी डा. हरिओम शरण बहुगुणा ने किया। कार्यशाला में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।
