प्रदेश की भाजपा सरकार पर बरसे पूर्व राज्यमंत्री व अधिवक्ता जसवीर राणा
कोटद्वार। सनेह क्षेत्र में गुलदार के हमले में महिला की मौत के 24 घंटे बाद भी शूटर के मौके पर नहीं पहुंचने पर पूर्व राज्यमंत्री व अधिवक्ता जसवीर राणा ने सरकार और वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सरकार पर जनता की सुरक्षा को लेकर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए वन्यजीवों के हमलों को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
आज एक बयान में उन्होंने कहा कि शूटर का अब तक मौके पर नहीं पहुंचना सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। राणा ने कहा कि प्रदेश भर में गुलदार और भालू लगातार लोगों पर हमले कर रहे हैं, जिससे आमजन की जान माल को खतरा बना हुआ है। इसके बावजूद सरकार जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेने के बजाय अपने गुणगान और प्रचार प्रसार में व्यस्त है।
राणा ने आरोप लगाया कि सरकार का प्रदेश की जनता के दुख दर्द से कोई सरोकार नहीं रह गया है। सरकार संवेदनहीन हो चुकी है और अधिकारी बेलगाम हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को मीडिया मैनेजमेंट और अपनी उपलब्धियों के प्रचार से बाहर निकलकर वन्य जीवों के हमलों से हो रहे जान माल के नुकसान को रोकने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करनी चाहिए।
उन्होंने मांग करते हुए कहा कि वन्य जीवों के हमलों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए तत्काल रोड मैप बनाया जाए और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
