आरोपियों ने सिद्धबली मंदिर में टप्पेबाजी की घटना को दिया था अंजाम
कोटद्वार। पुलिस व सीआईयू की संयुक्त टीम ने सिद्धबली मंदिर में हुई टप्पेबाजी की घटना का पर्दाफाश करते हुए दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की चेन व लाकेट बरामद हुआ है। गिरफ्तार दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश के जनपद अमरोहा की निवासी हैं।
पुलिस के अनुसार विगत 19 जुलाई को संगम प्रजापति निवासी मेरठ द्वारा कोतवाली में तहरीर देकर बताया गया कि वह अपने परिवार के साथ सिद्धबली मंदिर दर्शन हेतु आई थी। इस दौरान भीड़भाड़ में पीछे खड़ी कुछ महिलाओं ने मौका देखकर उनके गले से मंगलसूत्र एवं लाकेट चोरी कर लिया। पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस द्वारा धारा 304(4) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू की गयी।
शहर कोतवाल प्रदीप नेगी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों द्वारा कैमरों का अवलोकन कर खोजबीन के पश्चात इस घटना को अंजाम देने वाली दो महिला आरोपियों पुष्पा रानी धर्मपत्नी बृजपाल निवासी धनौरा जनपद अमरोहा (उत्तर प्रदेश), सरोज धर्मपत्नी महेश कुमार निवासी मौहम्मदपुर बछरायूं, जनपद अमरोहा (उत्तर प्रदेश) को मुखबिर की सूचना पर गूलर पुल के नजदीक सनेह रोड़ से गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से सोने की एक चेन व लाकेट बरामद हुआ।
पुलिस पूछताछ में आरोपी महिलाओ ने बताया कि वह मेले, धार्मिक आयोजनों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाकर महिलाओं का पीछा करती हैं। इस दौरान भीड़ और धक्का -मुक्की का फायदा वह मौका मिलते ही उसके गले से चेन, मंगलसूत्र अथवा अन्य आभूषण चोरी कर मौके से फरार हो जाती हैं। पुलिस द्वारा दोनों महिला आरोपियों को न्यायालय में पेश पर आवश्यक वैद्यानिक कार्रवाई के पश्चात जेल दिया गया है।
