प्रशिक्षित कोच देंगे प्रशिक्षण, एक अगस्त से होंगे पंजीकरण
पौड़ी। कोटद्वार के शशिधर भट्ट स्पोर्ट्स स्टेडियम में क्रिकेट एवं बास्केटबॉल तथा पौड़ी के रांसी स्टेडियम में बालीबाल का नियमित प्रशिक्षण शुरू किया जाएगा। खेलो इंडिया योजना की गाइडलाइन के तहत प्रशिक्षित कोचों की नियुक्ति की जा रही है। प्रशिक्षण के दौरान खिलाड़ियों को आवश्यक खेल सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। जिससे उन्हें अपने ही जनपद में गुणवत्तापूर्ण एवं उच्चस्तरीय प्रशिक्षण मिल सकेगा।
जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने पूर्व में कोटद्वार स्थित शशिधर भट्ट स्पोर्ट्स स्टेडियम एवं पौड़ी के रांसी स्टेडियम का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध खेल सुविधाओं, आधारभूत ढांचे तथा प्रशिक्षण व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की थी। निरीक्षण के दौरान मिले सुझावों के बाद जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के बड़ी संख्या में बच्चे क्रिकेट, बास्केटबाल और बालीबाल जैसे खेलों में रुचि रखते हैं, लेकिन प्रशिक्षित कोचों के अभाव में उनकी प्रतिभा को उचित मार्गदर्शन नहीं मिल पाता। जिलाधिकारी के निर्देश पर एक अगस्त से कोटद्वार में क्रिकेट एवं बास्केटबाल तथा रांसी में बालीबाल का नियमित प्रशिक्षण प्रारंभ किया जा रहा है।
जिलाधिकारी भदौरिया ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर शुरू होने के बाद बच्चों और युवाओं को अनुभवी कोचों के माध्यम से उच्चस्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त होगा। इससे खिलाड़ियों की तकनीकी दक्षता, फिटनेस और प्रतियोगी क्षमता में वृद्धि होगी तथा वह राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर तैयारी कर सकेंगे। प्रशिक्षण के दौरान आवश्यक खेल सामग्री भी उपलब्ध करायी जाएगी।
जिला क्रीड़ा अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि एक अगस्त से प्रशिक्षण सत्र नियमित रूप से शुरू हो जाएंगे। प्रशिक्षित कोच खिलाड़ियों को खेलों की तकनीकी बारीकियों, फिटनेस, अनुशासन एवं प्रतियोगी रणनीतियों का प्रशिक्षण देंगे। नियमित अभ्यास, विशेषज्ञ मार्गदर्शन और आवश्यक खेल सामग्री की उपलब्धता से खिलाड़ियों के कौशल में निखार आएगा तथा उन्हें जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर तैयारी का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि क्रिकेट एवं बास्केटबाल प्रशिक्षण के इच्छुक खिलाड़ी एक अगस्त से शशिधर भट्ट स्पोर्ट्स स्टेडियम, कोटद्वार तथा बालीबाल प्रशिक्षण के इच्छुक खिलाड़ी रांसी स्टेडियम पौड़ी में अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
