यमकेश्वर/कोटद्वार। आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की तैयारियों और पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने के उद्देश्य से यमकेश्वर विधानसभा में कांग्रेस की संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में पहुंचे विधानसभा प्रभारी गौरव अग्रवाल का जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विकास नेगी ने कार्यकर्ताओं के साथ गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान संगठन की सक्रियता बढ़ाने, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों और आम जनता के बीच पार्टी की पहुंच मजबूत करने को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष विकास नेगी ने कहा कि यमकेश्वर विधानसभा में कांग्रेस संगठन को अधिक सक्रिय और मजबूत बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ कार्य करना होगा। संगठन की मजबूती पार्टी की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है।
बैठक को संबोधित करते हुए विधानसभा प्रभारी गौरव अग्रवाल ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ कार्य करने तथा आम जनता के बीच निरंतर संपर्क बनाए रखने का आह्वान किया।
बैठक में विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस संगठन की वर्तमान स्थिति, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी, संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और पार्टी की नीतियों एवं गतिविधियों को विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक पहुंचाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद डबराल, कांग्रेस नेता एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य भुवनेश खर्कवाल, नगर अध्यक्ष नितेश ठाकुर, ब्लॉक अध्यक्ष राजीव जखमोला, अनिल रतूड़ी, संजय तोमर, जिला महासचिव कीर्ति सिंह बिष्ट एवं राकेश रावत सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

