कोटद्वार। फर्जी एवं कूटरचित शैक्षिक प्रमाणपत्रों के आधार पर महाविद्यालय में नियुक्ति प्राप्त करने के आरोप में पुलिस ने एक सहायक प्राध्यापक को सुसंगत धाराओं में गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गत 23 सितंबर को गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय विथ्याणी के प्राचार्य ने थाना यमकेश्वर में तहरीर देकर महाविद्यालय में कार्यरत सहायक प्राध्यापक डा. उमेश त्यागी के विरुद्ध फर्जी एवं कूटरचित प्रमाणपत्रों के आधार पर नियुक्ति प्राप्त करने के संबंध में कार्रवाई की मांग की थी। तहरीर के आधार पर यमकेश्वर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 336(3), 338 एवं 340(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
थानाध्यक्ष यमकेश्वर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने जांच के दौरान पाया कि आरोपी ने कथित तौर पर फर्जी एवं कूटरचित प्रमाणपत्रों के आधार पर नियुक्ति प्राप्त की थी। इसके उपरांत पुलिस टीम ने गुरुवार को गाजियाबाद से डा. उमेश त्यागी को गिरफ्तार किया। पुलिस द्वारा आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर मामले में अग्रिम वैद्यानिक कार्रवाई की जा रही है।
