राज्य स्थापना दिवस पर 34 राज्य आंदोलनकारी सम्मानित
कोटद्वार। उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर स्थानीय प्रशासन द्वारा आयोजित समारोह में 34 राज्य आंदोलनकारियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान राज्य आंदोलनकारियों ने राज्य गठन के 26 वर्ष बाद भी आंदोलन के मूल उद्देश्यों की पूर्ति न होने पर चिंता जताते हुए राज्यहित में एक बार फिर आंदोलन की आवश्यकता पर जोर दिया।

तहसील सभागार में आयोजित समारोह में स्थानीय प्रशासन ने जसबीर राणा, राजीव गौड़ एवं महेन्द्र रावत सहित 34 राज्य आंदोलनकारियों को सम्मानित किया। समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व राज्य मंत्री एवं उत्तराखण्ड छात्र युवा संघर्ष समिति के केंद्रीय संयोजक जसवीर राणा ने शहीद राज्य आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि जिस उद्देश्य और अपेक्षाओं को लेकर उत्तराखण्ड राज्य आंदोलन की लड़ाई लड़ी गई थी, राज्य गठन के 26 वर्ष बाद भी उनकी प्राप्ति नहीं हो सकी है। उन्होंने कहा कि राज्य के हितों की रक्षा और जनता को उनका हक -हकूक दिलाने के लिए एक बार फिर आंदोलन की सख्त जरूरत है। इसके लिए सरकारों को जनता की अपेक्षाओं के प्रति जवाबदेह बनाना होगा।
कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी संदीप कुमार, प्रभारी तहसीलदार राजेन्द्र सनवाल सहित बड़ी संख्या में राज्य आंदोलनकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
