स्वतंत्रता दिवस पर नगर निगम कोटद्वार का संदेश: शहर को बनाएं स्वच्छ, सुंदर और पालीथिन मुक्त
कोटद्वार। नगर निगम कण्वनगरी कोटद्वार ने स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर नगरवासियों को शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। उन्होंने शहर को स्वच्छ, सुंदर व पालीथिन मुक्त बनाने की अपील करते हुए नगरवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया है।

नगर निगम के महापौर शैलेन्द्र सिंह रावत, नगर आयुक्त पीएल शाह समेत समस्त पार्षदों व कर्मचारियों ने 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के पावन पर्व पर नगरवासियों को शुभकामनाएं दी है। नगर निगम द्वारा जारी अपील में शहर के नागरिकों को जिम्मेदारी के साथ अपने शहर की स्वच्छता एवं सार्वजनिक संपत्तियो के संरक्षण में सहयोग करने का आह्वान किया है। अपील में नागरिकों से स्वच्छ भारत अभियान में सहयोग करने, नालियों में कूड़ा-कचरा न डालने, सूखा एवं गीला कूड़ा अलग -अलग रखने तथा घरों का कूड़ा सिर्फ कूड़ा गाड़ी में ही डालने को कहा गया है।
नगर निगम ने जारी अपील में कूड़ा जलाना कानूनन अपराध बताया है। इसके अलावा नगरवासियों से सड़कों, पार्कों एवं नालियों में इधर उधर कूड़ा न डालने, नगर निगम कोटद्वार को पालीथिन मुक्त बनाने में सहयोग करने तथा डेंगू के प्रकोप से बचाव के लिए घरों के आसपास पानी जमा न होने देने की अपील की गई है।

उन्होंने नगर के पशुपालकों से अपने पालतू जानवरों को सड़कों पर लावारिस न छोड़ने की चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसा करने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ जुर्माना अथवा कार्रवाई की जा सकती है। वहीं, नगरवासियों से नगर निगम द्वारा लगाए गए करों का समय पर भुगतान करने तथा नगर निगम की सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान न पहुंचाने की अपील भी की गई है।
