कानून व्यवस्था, जनशिकायत निस्तारण व साइबर अपराधों की रोकथाम को लेकर दिए आवश्यक दिशा निर्देश
कोटद्वार। प्रदेश के अपर पुलिस महानिदेशक डा. वी. मुरूगेशन द्वारा कोतवाली कोटद्वार का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना कार्यप्रणाली, कानून व्यवस्था, अभिलेखों के रख रखाव, जनशिकायत निस्तारण व्यवस्था, साइबर अपराधों की रोकथाम, महिला सुरक्षा एवं नागरिक सेवाओं से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं का विस्तृत अवलोकन कर अधीनस्थों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
शनिवार को कोतवाली पहुंचने पर अपर पुलिस महानिदेशक डा. वी. मुरूगेशन द्वारा सलामी गार्द का निरीक्षण किया गया। थाना परिसर में उन्होंने मालखाना, हवालात, शस्त्रागार, महिला हेल्प डेस्क, आगंतुक कक्ष, साइबर सेल, सीसीटीवी कंट्रोल रूम सहित विभिन्न शाखाओं एवं व्यवस्थाओं का क्रमबद्ध निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बेहतर व्यवस्थाएं बनाए रखने तथा कार्यकुशलता एवं अनुशासन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना कार्यालय में रखे विभिन्न अभिलेखों एवं रजिस्टरों, सीसीटीएनएस पोर्टल, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन एवं अन्य आनलाइन जनसेवा प्लेटफार्म पर दर्ज शिकायतों एवं प्रविष्टियों की विस्तारपूर्वक समीक्षा करते हुए उन्होंने प्रभारी निरीक्षकों एवं संबंधित कार्मिकों को जन शिकायतों के प्रति उत्तरदायी एवं परिणाममुखी पुलिसिंग सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने साइबर अपराधों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के साथ ही निरंतर जन जागरूकता को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने गुमशुदगी के मामलों को अत्यंत संवेदनशीलता एवं गंभीरता से लेने व नियमानुसार तत्काल एफआईआर पंजीकृत कर बिना किसी विलंब के आवश्यक खोजबीन, सूचना प्रसार एवं वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ करने पर विशेष जोर दिया।

अपर पुलिस महानिदेशक मुरुगेशन ने कोतवाली आने वाले प्रत्येक फरियादी एवं शिकायतकर्ता की समस्या को सम्मान, संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के साथ सुनने के निर्देश देते हुए प्रत्येक शिकायत पर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने महिलाओं से संबंधित प्रत्येक शिकायत का गंभीरता, गोपनीयता एवं संवेदनशीलता के साथ संज्ञान लेते हुए शिकायतों का समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पत्रकारों से मुलाकात में अपर पुलिस महानिदेशक डा. वी मुरुगुलेशन ने कहा कि ला एंड आर्डर को बेहतर बनाना पुलिस की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने साइबर ठगी पर चिता जताते हुए कहा कि इसके लिए पुलिस की तकनीकी क्षमता को मजबूत कर हाईटेक बनाया जा रहा है। उन्होंने आम जनता से जागरूक रहने अपील करते हुए कहा कि साइबर अपराध पर प्रभावी रोकथाम के लिए पुलिस के साथ साथ आम जनता की जागरूकता भी बेहद जरूरी है।
