नगर का माहौल हुआ भक्तिमय, चंद वंश के युवराज ने किया प्रतिमाओं का विदाई पूजन
डोले के दर्शन को उमड़ा आस्था का सैलाब, दुगालखोला नौले में विधि विधान से हुआ प्रतिमाओं का विसर्जन
अल्मोड़ा। मां नंदा -सुनंदा की विदाई शोभायात्रा अल्मोड़ा नगर में पूरे धार्मिक उल्लास और भक्तिभाव के साथ निकाली गई। मां के डोले के दर्शन और विदाई के लिए नगरवासियों के साथ ही दूर दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु अल्मोड़ा पहुंचे। श्रद्धालुओं द्वारा डोले के नगर भ्रमण के दौरान जगह जगह पुष्प वर्षा और अक्षत अर्पित कर मां को विदाई दी गई। इस दौरान श्रद्धालुओं के जयकारों से पूरे नगर का माहौल भक्तिमय हो उठा।

बुधवार को सुबह से ही नगर के प्रमुख बाजारों और मार्गों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी। श्रद्धालु घरों की छतों, बालकानियों और बाजारों में खड़े होकर मां नंदा -सुनंदा के डोले के दर्शन करते रहे। महिलाओं ने पारंपरिक तरीके से पुष्प वर्षा कर देवी को विदाई दी। शोभायात्रा से पूर्व नंदा देवी मंदिर परिसर में मां नंदा -सुनंदा की आरती हुई। दोपहर एक बजे चंद वंश के युवराज नरेंद्र चंद्र राज सिंह ने प्रतिमाओं का विदाई पूजन किया। शाम करीब साढ़े चार बजे विधि विधान से पूजा अर्चना और शंखध्वनि के बीच मंदिर परिसर से मां का डोला रवाना हुआ। मां का डोला बसल गली, शिखर तिराहा, माल रोड, लोहा शेर, कचहरी बाजार, थाना बाजार, पलटन बाजार और सिद्धनौला होते हुए कैंट से दुगालखोला पहुंचा।
शोभायात्रा के दौरान पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। जगह -जगह श्रद्धालुओं ने डोले पर पुष्प बरसाए और मां के जयकारे लगाए। दुगालखोला स्थित भगवती मंदिर को मां नंदा -सुनंदा का मायका माना जाता है। यहां पहुंचने के बाद देर शाम विधि विधान से दुगालखोला नौले में मां नंदा -सुनंदा की प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। इसके साथ ही मां की विदाई की धार्मिक परंपरा संपन्न हुई।
शोभायात्रा में युवराज नरेंद्र चंद सिंह, युवरानी कामाक्षी सिंह, कुंवर सोमेश्वर चंद सिंह, कुंवर सिद्धेश्वर चंद सिंह, मैत्रेयी देवी सिंह, रुद्र नारायण सिंह, शाह विक्रम सिंह, श्री श्री 108 भंडारी महाराज रामगढ़, कुल पुरोहित नागेश पंत, नंदा देवी मंदिर अध्यक्ष मनोज वर्मा, सचिव मनोज संनवाल, ताराचंद जोशी, अर्जुन बिष्ट, दर्जा राज्य मंत्री कुंदन लटवाल, गोविंद पिलख्वाल, गंगा बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, विधायक मनोज तिवारी, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, रघुनाथ सिंह चौहान, रवि रौतेला, बिनीत बिष्ट, ललित लटवाल, बिट्टू कर्नाटक। तथा कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र भोज समेत सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए।
पुलिस प्रशासन रहा चौकस…..
शोभायात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। नगर के प्रमुख स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। वहीं, भीड़ को नियंत्रित करने तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए अनेक मार्गों पर यातायात डायवर्ट किया गया था।
