गढ़वाल की 11 विधानसभा क्षेत्रों से 3,964 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा, 11 खेलों में होगा प्रतिभाओं का मुकाबला
पौड़ी। रांसी स्टेडियम में खेल महाकुंभ-2026 के तहत खेल≈ प्रतिभाओं का जोश और उत्साह देखने को मिला। गढ़वाल संसदीय क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को बड़ा मंच देने के उद्देश्य से आयोजित सांसद चैंपियनशिप ट्राफी का शुभारंभ गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने दीप प्रज्ज्वलित, खेल महाकुंभ का ध्वजारोहण और सांसद चैंपियनशिप ट्राफी का अनावरण कर किया। प्रतियोगिता में गढ़वाल संसदीय क्षेत्र की 11 विधानसभा क्षेत्रों से अंडर-14 और अंडर-19 आयुवर्ग के 3,964 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं।

शुक्रवार को कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम बैंग्वाड़ी की महिलाओं के स्वागत गीत से हुआ। इसके बाद एनसीसी कैडेट्स और विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से चयनित खिलाड़ियों द्वारा मार्च पास्ट कर अतिथियों को सलामी दी गई। इस दौरान सांसद अनिल बलूनी द्वारा खिलाड़ियों को ईमानदारी, निष्पक्षता और खेल नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई और बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी गई।

सांसद चैंपियनशिप ट्राफी का आयोजन 25 सितंबर से 6 अक्टूबर तक किया जा रहा है। इसमें नरेन्द्रनगर, देवप्रयाग, रुद्रप्रयाग, केदारनाथ, रामनगर, पौड़ी, श्रीनगर, चौबट्टाखाल, कोटद्वार, लैंसडाउन और यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्रों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में फुटबाल, बैडमिंटन, मलखंभ, एथलेटिक्स, खो -खो, पिट्ठू, कबड्डी, वालीबाल, मुर्गा झपट, गोली (कंचा) और रस्साकशी समेत 11 खेल स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं।
शुभारंभ अवसर पर सांसद अनिल बलूनी ने नरेन्द्रनगर और लैंसडाउन विधानसभा क्षेत्रों की अंडर-19 टीमों के बीच फुटबाल मैच का शुभारंभ फुटबाल को किक मारकर किया। उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम हैं। खेल महाकुंभ के माध्यम से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है। खेलों से युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का विकास होता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेलों के विकास और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
इस दौरान सांसद अनिल बलूनी ने चमोली जिले के मजेठा गांव की युवा एथलीट मानसी नेगी को खेल प्रतिभा सम्मान ट्राफी देकर सम्मानित किया। मानसी ने गुवाहाटी में आयोजित राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप की 10,000 मीटर रेस वाक में 47 मिनट 30.94 सेकंड का समय निकालकर राष्ट्रीय कीर्तिमान बनाया था। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर मानसी ने उत्तराखंड का नाम रोशन किया है।
कार्यक्रम में उत्तराखंड राज्य युवा कल्याण सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष विनोद सुयाल, विधायक राजकुमार पोरी, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, नगर पालिकाध्यक्ष हिमानी नेगी, ब्लॉक प्रमुख पौड़ी अस्मिता नेगी समेत जनप्रतिनिधि, अधिकारी, खेल प्रशिक्षक, खिलाड़ी और खेल प्रेमी मौजूद रहे।
