राकेश खनवाल की स्टार नाइट और झोड़ा प्रतियोगिताओं ने बांधी शमां, चार विभूतियों को मिला स्मृति सम्मान
लखनऊ। गोमती तट स्थित पं. गोविन्द बल्लभ पंत पर्वतीय सांस्कृतिक उपवन में आयोजित चौदह दिवसीय उत्तराखंड महोत्सव के ग्यारहवें दिन भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। महोत्सव में लोगों ने जहां पहाड़ी व्यंजनों और पारंपरिक उत्पादों की जमकर खरीदारी की, वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों और लोकनृत्य प्रस्तुतियों का भरपूर आनंद लिया। महोत्सव में पहाड़ी उत्पादों तंदूरी चाय, अमेरिकन भुट्टा, उत्तराखंडी आभूषण, हस्तशिल्प, मिट्टी के बर्तन और ऊनी वस्त्र के स्टालों में खरीददारों की भारी भीड़ देखी गयी।

गुरुवार को सायंकालीन कार्यक्रमों का शुभारंभ एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस के क्षेत्रीय निदेशक प्रताप जे. पवार सहित कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों एवं उत्तराखंड महापरिषद के पदाधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। महापरिषद द्वारा अतिथियों को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। अतिथियों द्वारा महापरिषद के सांस्कृतिक संरक्षण के प्रयासों की सराहना की गई।


इस अवसर पर मनमोहन बाराकोटी को रमेश चन्द्र शाह स्मृति सम्मान, लवली भण्डारी को बच्ची राम धपोला स्मृति सम्मान, डा. भीम सिंह नेगी को प्रद्युमन सिंह बिष्ट स्मृति सम्मान तथा वरिष्ठ लोक कलाकार किशन जोशी को झूसिया दमाई स्मृति सम्मान प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में महिला शाखा अध्यक्ष पुष्पा वैष्णव के संयोजन में देवेश्वरी पवार एवं कल्पना उप्रेती के सहयोग से उत्तराखंडी क्विज प्रतियोगिता आयोजित हुई। जिसमें लगभग पचास प्रतिभागियों ने भाग लिया। शाम को उधांचल कला केंद्र अल्मोड़ा के कलाकारों ने छोलिया नृत्य प्रस्तुत किया। मानस योग केंद्र, शक्तिनगर और आरडीएसओ के कलाकारों ने भी एकल, युगल एवं समूह नृत्यों से दर्शकों का मन मोह लिया।

महिला झोड़ा प्रतियोगिता के द्वितीय चरण में कुर्मांचल नगर, देवभूमि जन सरोकार सांस्कृतिक समिति मायापुरी, रामलीला समिति तेलीबाग, बजरंग नगर एवं सुगामऊ की टीमों ने भाग लिया। पुरुष झोड़ा प्रतियोगिता में उत्तराखंड महापरिषद की टीम ने प्रस्तुति दी। नाचेगा भारत सीजन-3 और डांस उत्तराखंड डांस सीजन-5 के तृतीय चरण में विभिन्न सांस्कृतिक संस्थाओं की टीमों ने शानदार नृत्य प्रस्तुत किए। छपेली की सामूहिक प्रस्तुति और वायस आफ उत्तराखंड में दीपक परवाल, प्राची रावत एवं पवनी बजेठा के गायन ने दर्शकों को तालियां बजाने में मजबूर कर दिया।

महोत्सव की स्टार नाइट में सुप्रसिद्ध लोकगायक राकेश खनवाल ने अपनी मधुर आवाज से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं, संस्कृति विभाग उत्तराखंड सरकार के सहयोग से जौनसार से आए कलाकारों द्वारा भी अपनी लोक संस्कृति की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गई।
