कोटद्वार। भक्त दर्शन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जयहरीखाल में राष्ट्रगीत वंदे मातरम् की रचना के 50 वर्ष पूर्ण होने के पावन उपलक्ष्य में एक भव्य प्रभात फेरी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की संयोजक डा. शिप्रा के नेतृत्व में आयोजित यह प्रभात फेरी क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए पुनः परिसर में संपन्न हुई। इस दौरान विद्यार्थियों, शिक्षकों और प्राचार्य ने देशभक्ति से उदघोषों और गीतों के माध्यम से पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर डा. लवली रानी राजवंशी ने विद्यार्थियों को देश की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक गौरव को अक्षुण्ण रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की प्रेरणापुंज और हमारी राष्ट्रीय चेतना का प्रतीक है। समारोह का समापन राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के गायन के साथ किया गया।
इस समारोह में डा. अर्चना नौटियाल, डा. नेहा शर्मा, डा. सत्य नंदन भगत, डा. अजय रावत, डा. दुर्गा रजक एवं डा. सुमन कुकरेती सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, कर्मचारी और अनेक विद्यार्थी उत्साहपूर्वक उपस्थित रहे।
