लक्ष्मी थापा के सिर सजा तीज का ताज, आस बहादुर ने जीती स्कूटी
गोरखा समाज ने देश की सुरक्षा और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया : विधानसभा अध्यक्ष खण्डूडी
कोटद्वार। भारतीय गोर्खाली सेवा समिति द्वारा आयोजित हरितालिका तीज महोत्सव हर्षोल्लास एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में गोर्खाली समाज की महिलाओं द्वारा पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचकर लोक नृत्यों व गायन की रंगारंग प्रस्तुतियां दी गयी। कार्यक्रम का शुभारम्भ बतौर मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण व विशिष्ट अतिथि महापौर शैलेन्द्र सिंह रावत द्वारा दीप प्रज्ज्वलित करके किया गया। इस दौरान पारंपरिक परिधानों से सुसज्जित महिलाओं एवं बच्चों द्वारा स्वागत गीत एवं गोर्खाली संस्कृति की रंगारंग झलक प्रस्तुत की गयी।

रविवार को बिशनपुर स्थित बारातघर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने अपने संबोधन में कहा कि गोरखा समाज ने देश की सुरक्षा और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। भारतीय सेना की गोरखा रेजिमेंट अपने अदम्य साहस, वीरता और पराक्रम के लिए देश दुनिया में प्रसिद्ध है। उन्होंने गोरखा वीरों के शौर्य एवं बलिदान को नमन करते हुए कहा कि उनका साहस आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। महापौर शैलेन्द्र सिंह रावत ने गोर्खाली समाज की सांस्कृतिक विरासत एवं परंपराओं को संरक्षित रखने और उन्हें नई पीढ़ी तक पहुंचाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। इस दौरान मित्र राष्ट्र नेपाल में आई भीषण जल प्रलय में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति भी दो मिनट का मौन रखकर मृत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित कर आपदा से प्रभावित लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की गयी।

कार्यक्रम में गोर्खाली समाज की महिलाओं द्वारा पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचकर लोक नृत्यों व गायन की रंगारंग प्रस्तुतियां दी गयी। तीज कमेटी द्वारा अनेक खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गयी। जिनमें सुई धागा दौड़, मटकी फोड़, म्यूजिकल चेयर आदि खेल प्रतियोगिताएं आकर्षण का केंद्र रहीं।



हरितालिक तीज क्वीन प्रतियोगिता में लक्ष्मी थापा, राखी गुरुंग व पिंकी राना ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त किया। तीज क्वीन प्रतियोगिता में हिना जोशी क्षेत्री, सुषमा जोशी व रजनी क्षेत्री द्वारा निर्णायक मंडल की भूमिका निभाई गयी। वहीं, लक्की ड्रा में बतौर प्रथम, द्वितीय व तृतीय पुरुस्कार विजेताओं को चुना गया। जिसमें आस बहादुर राना को स्कूटी, वेदांत गुसाई को फ्रिज व तृतीय पुरस्कार विजेता किशन अधिकारी को एलसीडी टीवी प्रदान किया गया।

समिति द्वारा आईसीएससी बोर्ड से 96.8 फीसदी अंकों के साथ हाईस्कूल परीक्षा टॉप करने वाली सेंट जोसेफ कान्वेंट स्कूल की छात्रा वैष्णवी गुरुंग समेत समस्त प्रतिभागी बच्चों व महिलाओं को भी सम्मानित किया गया। महोत्सव में आए लोगों द्वारा विभिन्न स्टालों में जमकर खरीददारी कर विभिन्न गोर्खाली व्यंजनों का जमकर स्वाद लिया।

कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष सुरेश गुरुंग, सचिव नारायण सिंह थापा सचिव, कोषाध्यक्ष श्याम क्षेत्री, कमल ठाकुर, मान सिंह थापा, कमल क्षेत्री, तीज कमेटी की अध्यक्ष रीना थापा, सचिव पूजा क्षेत्री, कोषाध्यक्ष प्रभा गुरंग, सदस्य दिव्या गुसाईं एवं गीता भण्डारी सहित बड़ी संख्या में गोर्खाली समाज की महिलाएं एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
