रंगोली के माध्यम से विद्यार्थियों ने दिया राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति का संदेश
कोटद्वार। भक्त दर्शन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर में वंदे मातरम राष्ट्रगीत के 150 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर एक भव्य रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों द्वारा रंगों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम, सांस्कृतिक धरोहर और राष्ट्रीय एकता की शानदार छटा बिखेरी गयी।
महाविद्यालय परिसर में आयोजित प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के भीतर देशभक्ति, रचनात्मकता और सांस्कृतिक चेतना को सुदृढ़ करना रहा। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लेते हुए वंदे मातरम के मूल संदेश और भारतीय संस्कृति की भावना को आकर्षक रंगोलियों के माध्यम से प्रस्तुत किया।
महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. डा. लवली रानी राजवंशी ने विद्यार्थियों की कलात्मकता और प्रयासों की सराहना करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के गरिमामय गायन के साथ हुआ।
इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक डा. शिप्रा, डा. अर्चना नौटियाल, डा. नेहा शर्मा, डा. सत्य नंदन भगत, डा. दुर्गा रजक, डा. सुमन कुकरेती एवं डा. मानसी वत्स समेत महाविद्यालय के अनेक प्राध्यापक व कर्मचारी उपस्थित रहे।
