सरस्वती विद्या मंदिर विद्यालय प्रांगण में आयोजित हुआ शहीदी दिवस कार्यक्रम
कोटद्वार। शौर्य चक्र विजेता शहीद मनीष पटवाल की 14वीं पुण्यतिथि पर सरस्वती विद्या मंदिर विद्यालय प्रांगण में शहीदी दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में पूर्व सैनिक संगठन पौड़ी गढ़वाल के जिलाध्यक्ष और सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर राजेंद्र सिंह राणा बतौर मुख्य अतिथि तथा सेवानिवृत्त ग्रुप कैप्टन मनमोहन सिंह रावत विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में क्षेत्रीय जनप्रतिनिदियों, पूर्व सैनिक संगठनों, युवा संगठन समिति, शहीद के परिजनों और क्षेत्रवासियों द्वारा शहीद के चित्र पर पुष्पअर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्रगान से हुई। इस दौरान ‘शहीद मनीष पटवाल अमर रहें’ और ‘जब तक सूरज चांद रहेगा, मनीष तेरा नाम अमर रहेगा’ के उदघोष लगाए गए। इसके उपरांत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर शहीद की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। इस दौरान शहीद मनीष पटवाल के माता -पिता शांति देवी व जगमोहन सिंह पटवाल को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में सूबेदार मेजर राजेंद्र सिंह राणा ने कहा कि पूर्व सैनिक संगठन पिछले छह वर्षों से शहीद मनीष पटवाल की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है और यह परंपरा आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने शहीद और उनके माता -पिता को नमन करते हुए कहा कि मनीष पटवाल ने बहादुरी दिखाकर अपने साथियों की जान बचाने के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। इस मौके पर विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं गईं।
कार्यक्रम का संचालन ग्राम प्रधान थापला राकेश कुमार ने किया। इस अवसर पर कैप्टन अतुल नेगी, सूबेदार सुरेश नेगी, हवलदार राकेश रावत, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी के प्रतिनिधि हवलदार संजय रावत, हवलदार पदम सिंह, हवलदार एमएस कंडवाल, हवलदार राजेंद्र प्रसाद बगासी, मीडिया संयोजक जगमोहन डांगी सहित सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।
